सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर और खेत से 34.6 किलो गांजा जब्त; तस्कर पति-पत्नी गिरफ्तार
सहरसा पुलिस ने सिमरी ढाब गांव में छापेमारी कर 34.6 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनका बेटा फरार हो गया।

34.6 किलो गांजा जब्त
HighLights
सहरसा पुलिस ने सिमरी ढाब गांव में की छापेमारी।
घर और खेत से कुल 34.6 किलो गांजा बरामद।
गांजा तस्करी में पति-पत्नी गिरफ्तार, बेटा फरार।
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिमरी ढाब गांव में पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक घर और पास के खेत से कुल 34.641 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
वहीं, मामले में आरोपित पुत्र ब्रजेश यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा
शनिवार को बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि शुक्रवार को थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सिमरी ढाब गांव स्थित वार्ड संख्या 12 में एक व्यक्ति ने अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा है।
सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें बख्तियारपुर थाना की पुलिस टीम के साथ जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम को शामिल किया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे दो व्यक्ति
एसडीपीओ ने बताया कि गठित टीम जब सिमरी ढाब के वार्ड संख्या 12 स्थित ब्रजेश यादव के घर पहुंची तो पुलिस को देखते ही दो व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान अपना नाम ब्रह्मदेव यादव बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।
पूछताछ में पत्नी और पुत्र के कारोबार में शामिल होने की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए ब्रह्मदेव यादव से पूछताछ के दौरान उसकी पत्नी चंद्रिका देवी और पुत्र ब्रजेश यादव के गांजा के कारोबार में शामिल होने की बात सामने आई। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ब्रजेश यादव ने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत में भी गांजा जैसा पदार्थ छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस टीम ने खेत में तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान वहां से भी गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने घर और खेत से बरामद पदार्थ का कुल वजन करीब 34.641 किलोग्राम बताया है। इसके बाद ब्रह्मदेव यादव और उसकी पत्नी चंद्रिका देवी को गिरफ्तार कर लिया गया।
फरार पुत्र की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि मामले में फरार ब्रजेश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तार पति-पत्नी को न्यायालय में पेश करने के लिए सहरसा भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
प्रेस वार्ता में मुख्यालय डीएसपी कामेश्वर प्रसाद सिंह, बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, दारोगा दयानंद महतो, राजा कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- घर की खुशहाली कमाने यूपी गया था सोनू, सड़क हादसे ने छीनी जिंदगी, सहरसा में शव पहुंचते ही मचा कोहराम
