DBT से सीधे आपके बैंक खाते में पहुंचेगी EV सब्सिडी! ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने बताया- बस करना होगा यह छोटा-सा काम
EV Subsidy Aadhaar Authentication: राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 'मुख्यमंत्री बेस्ट ईवी सब्सिडी योजना' में अब ...और पढ़ें

EV Subsidy Aadhaar Authentication: इलेक्ट्रिक वाहनों पर सब्सिडी के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य
HighLights
ईवी सब्सिडी के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य।
प्रोत्साहन राशि सीधे DBT से बैंक खाते में।
पारदर्शिता बढ़ेगी, बिचौलियों की भूमिका समाप्त।
संवाद सूत्र, नवहट्टा (सहरसा)। EV Subsidy Aadhaar Authentication: राज्य में पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने और हरित परिवहन को गति देने के उद्देश्य से संचालित 'मुख्यमंत्री बेस्ट ईवी सब्सिडी योजना' की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बना दिया गया है।
परिवहन विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए योजना के तहत मिलने वाली सरकारी प्रोत्साहन राशि (सब्सिडी) के लिए आधार प्रमाणीकरण को अनिवार्य कर दिया है। विभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। नए नियमों के अनुसार, अब ई-वाहन खरीदने वाले किसी भी पात्र लाभार्थी को अनुदान की राशि तभी प्राप्त होगी, जब उनका आधार सत्यापन सफलतापूर्व पूरा हो जाएगा।
डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी राशि
परिवहन विभाग के निर्देशानुसार, योजना में बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहन राशि का भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से किया जाएगा।
प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होते ही स्वीकृत राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगी। इस व्यवस्था से न केवल फर्जी दावों पर रोक लगेगी, बल्कि जरूरतमंद और वास्तविक खरीदारों को समयबद्ध तरीके से सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा।
कार्ड नहीं बना तो पंजीकरण में मिलेगी पूरी मदद
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को दस्तावेज के अभाव में योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। जिन पात्र लाभार्थियों के पास पहले से कार्ड उपलब्ध है, उन्हें अनुदान के लिए केवल प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
वहीं, जिन लाभार्थियों का अब तक कार्ड नहीं बन पाया है, उन्हें नजदीकी केंद्रों के माध्यम से नया पंजीकरण कराने में विभागीय स्तर पर हरसंभव तकनीकी और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे योजना का लाभ बिना किसी अड़चन के उठा सकें।
नाम व पते की त्रुटि सुधारने का भी मिलेगा अवसर
अक्सर पहचान पत्रों में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि या पते में लिपिकीय त्रुटियों के कारण सरकारी योजनाओं की राशि अटक जाती है। परिवहन विभाग ने इसके समाधान के लिए भी व्यवस्था की है।
यदि किसी लाभार्थी के रिकॉर्ड या कार्ड में दर्ज व्यक्तिगत जानकारी में कोई विसंगति है, तो उसे ठीक और अपडेट कराने में मदद की जाएगी। विभाग का स्पष्ट उद्देश्य है कि पात्र लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित हो सके और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर मिलने वाली सरकारी छूट सीधे आम जनता की जेब तक पहुंचे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।