नदी में डूबे मासूम सगे भाई-बहन
सहरसा। स्थानीय थाना क्षेत्र के लगमा गांव स्थित तिलाबे नदी में दो मासूम सगे भाई-बहन की डूबने से मौत
सहरसा। स्थानीय थाना क्षेत्र के लगमा गांव स्थित तिलाबे नदी में दो मासूम सगे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। दोनों भाई-बहन बुधवार दोपहर से ही गायब थे जिसका शव गुरुवार को ग्रामीणों द्वारा नदी से पुल के समीप बरामद किया गया। बरामद शव को सोनवर्षा थाना पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, लगमा पट्टी वार्ड नंबर 11 के निवासी जितेंद्र सिंह बुधवार की शाम घर पहुंचने पर बच्चे को नहीं देखकर वे खोजने लगे। देर शाम तक गांव में हरसंभव जगह स्वजनों ने तलाश की, लेकिन बच्चे नहीं मिले। वहीं खोजबीन के दौरान नन्ही का एक चप्पल नदी किनारे देख स्वजन नदी में बच्चों की खोज करने लगे, परंतु देर रात तक शव नहीं मिल सका। गुरुवार की सुबह दस बजे पुल से ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र सिंह के पुत्र सात वर्षीय राजदीप सिंह और पांच वर्षीय पुत्री नन्हीं कुमारी बुधवार की दोपहर तिलाबे नदी के किनारे खेल रहे थे। खेलने के दौरान नन्ही का पैर फिसल गया जिसे बचाने राजदीप गया और दोनों नदी में गिर कर डूब गये। वहीं एक साथ सगे भाई बहन की डूबने से हुई मौत से घर सहित गांव में कोहराम मच गया। जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से आहत होकर मृतक के पिता जहां टकटकी लगाए सभी को चुपचाप देख रहे थे। वहीं माता रानी देवी कोख सूनी होने के कारण बार-बार बेहोश हो जाती थी। वो कहती थी कि हौ भगवान हमर कौन गलती के सजा दलहो जै हमर कोख एके बेर में सूना काय दलहो।