सड़क हादसे में पत्नी की मौत, पति व बेटी घायल
रोहतास। दरिहट थाना क्षेत्र के टड़वा गांव के समीप डेहरी-नासरीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट
रोहतास। दरिहट थाना क्षेत्र के टड़वा गांव के समीप डेहरी-नासरीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि पुत्री निशा व पति मनोज कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने घायलों को डेहरी बॉस क्लिनिक पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके पति व बच्ची का इलाज जारी है। मृतक के परिजन इंदौर निवासी अशोक सिंह ने बताया की गुड़िया देवी अपने पति मनोज कुमार सिंह व बेटी निशा के साथ रविवार की शाम बाइक से बिक्रमगंज के लिए जा रहे थे। तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात बोलेरो जीप ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे गुड़िया समेत तीनों जख्मी हो गए। आसपास के लोगों के सहयोग से सभी को इलाज के लिए स्थानीय क्लिनिक लाया गया। जहां इलाज के दौरान गुड़िया 35 वर्ष की मौत हो गई।
वहीं घायल पति मनोज कुमार सिंह को छाती व पैर में काफी चोट आई है। जबकि बेटी निशा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने महिला के शव का अंत्यपरीक्षण करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार मनोज कुमार सिंह औरंगाबाद जिला के बंशीपुर थाना अंतर्गत एनटीपीसी खैरा के निवासी हैं, जो राजस्थान में किसी निजी कंपनी में ड्राईवर का कार्य करते हैं। उन्हें 15 वर्षीय बेटी निशा के अलावा पीयूष 12 वर्ष व आयुष नौ वर्ष दो बेटे भी हैं।