रोहतास में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, नहर में गिरी कार; टोल प्लाजा के पास राहुल की गई जान
सासाराम (रोहतास) में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। नोखा में नहर ...और पढ़ें

रोहतास के नोखा में नहर में पलटी कार। जागरण
HighLights
रोहतास में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत।
नोखा में कार नहर में गिरी, चालक बृंदानंद सिंह की मौत।
सासाराम टोल प्लाजा के पास राहुल यादव ने गंवाई जान।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
नोखा थाना क्षेत्र में जख्नी पुल के पास कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, जिससे चालक बृंदानंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, सासाराम टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में मोरसाराय गांव निवासी राहुल यादव की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जख्नी पुल के पास नहर में गिरी कार, चालक की मौत
नोखा थाना क्षेत्र में आरा-सासाराम पथ पर जख्नी पुल के पास सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के बभनी गांव निवासी 50 वर्षीय बृंंदानंद सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
घटनास्थल की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आ गई होगी या वह पुल की ऊंचाई और सड़क के स्तर का सही आकलन नहीं कर पाए होंगे। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नोखा थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के स्वजन की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राहुल की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सासाराम टोल प्लाजा के पास हुए सड़क हादसे में मोरसाराय गांव निवासी राहुल यादव की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। राहुल की असमय मौत से परिवार एक बार फिर गहरे संकट में आ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, राहुल चार भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार पहले ही बड़े भाई राजू यादव को खो चुका था। इसके बाद राहुल ने अपनी भाभी से विवाह कर परिवार की जिम्मेदारियां संभाली थीं।
शिवसागर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान वार्ड संख्या सात के पार्षद अमित सिंह उर्फ मुनमुन सिंह भी ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंचे।