जघन्य अपराध मामले में त्वरित कार्रवाई करें
शाहाबाद पुलिस प्रक्षेत्र के चारों जिलों के एसपी को जघन्य अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पुराने लंबित कांडों के निष्पादन में भी तेजी लाने को कहा गया है। शाहबाद पुलिस प्रक्षेत्र के डीआइजी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रक्षेत्र के सभी जिले अमूमन उत्तर प्रदेश की सीमा और झारखंड की सीमा से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव को ले सभी को सतर्क रहने का भी निर्देश दिया गया है।
संवाद सहयोगी, डेहरी आनसोन (रोहतास): शाहाबाद पुलिस प्रक्षेत्र के चारों जिलों के एसपी को जघन्य अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पुराने लंबित कांडों के निष्पादन में भी तेजी लाने को कहा गया है।
शाहबाद पुलिस प्रक्षेत्र के डीआइजी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रक्षेत्र के सभी जिले अमूमन उत्तर प्रदेश की सीमा और झारखंड की सीमा से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव को ले सभी को सतर्क रहने का भी निर्देश दिया गया है। डीआइजी ने कहा कि उन्होंने यहां योगदान के बाद चारों जिला रोहतास, भोजपुर, बक्सर व कैमूर का दौरा किया। इस क्रम में लंबित कांडों की समीक्षा की। पता चला कि कई साल पहले के कांड भी इन जिलों में लंबित हैं। जघन्य अपराधों के अनुसंधान में ढिलाई बरती जा रही है। सभी को निर्देश दिया गया है कि हर हाल में जघन्य वारदात वाले कांडों को अभियान चलाकर निस्तारित करें। थाना स्तर पर टाप टेन अपराधियों को किसी भी हालत में राहत नहीं मिलनी चाहिए। ऐसे बदमाशों को जेल में डालने के लिए लगातार दबिश दी जाए। अभियान चलाकर वांछितों की धरपकड़ होनी चाहिए। रोहतास जिले के सुदूरवर्ती नौहट्टा प्रखंड के उत्तरप्रदेश व झारखंड की सीमा का भी जायजा लिया गया है। कहा कि उत्तरप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर एसएसबी व सभी जिलों के एसपी को सतर्कता बरतने को कहा गया है। हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, दहेज हत्या, रंगदारी व सांप्रदायिक सद्भावना बिगाड़ने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। सीमावर्ती झारखंड व उत्तर प्रदेश से शराब की तस्करी हो रही है। हाल के महीनों में सीमावर्ती झारखंड में शाहाबाद प्रक्षेत्र के जिलों से गांजा और हेरोइन जैसे मादक पदार्थों की तस्करी के मामले भी सामने आ रहे हैं। इस पर सतत कार्रवाई की जा रही है।