सासाराम विधायक अशोक कुमार ने थामा जदयू का हाथ, राजद से निष्काषित
सियासी बवंडर के बीच सासाराम के राजद विधायक डॉ. अशोक कुमार ने पार्टी छोड़कर जदयू का दामन थाम लिया है।
रोहतास। सियासी बवंडर के बीच सासाराम के राजद विधायक डॉ. अशोक कुमार ने पार्टी छोड़कर जदयू का दामन थाम लिया है। पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित विधायक को राजद से निष्काषित भी कर दिया गया है। जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष पप्पु सोनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान राजद पार्टी के जिला प्रवक्ता सर्वजीत सिंह खालसा ने कहा कि पाला बदल कर विधायक ने सासाराम विधान सभा क्षेत्र की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उनके दल परिवर्तन से पार्टी के सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। प्रदेश महासचिव चंद्रदेव बिद ने कहा कि पार्टी के पिछड़ा, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक समुदाय के वोट बैंक की बदलौत वर्ष 2000 और 2015 के चुनाव में विधानसभा पहुंचने वाले विधायक ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के सामाजिक न्याय की विचारधारा और सिद्धांत की राजनीति को ठेस पहुंचाने का काम किया है। बताया कि सबसे पहले वर्ष 1995 में पार्टी ने सासाराम विधान सभा क्षेत्र से टिकट दिया था। उस चुनाव में वे हार गए थे। नेतृत्व उनपर विश्वास करते हुए जनता दल से लेकर राष्ट्रीय जनता दल तक की राजनैतिक सफर में छह बार विधान सभा और एक बार बिक्रमगंज लोकसभा उपचुनाव में भी टिकट दिया था। इस अवसर पर पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सौहेल अंसारी, रामरुप कुशवाहा, दीपू कुशवाहा, पारस कुशवाहा, ठाकुर कुशवाहा, मुस्लिम अंसारी, मोहम्मद कलमदार, बारी कुरैशी, इलियास खान, दशरथ चंद्रवंशी, संजय विद, असगर जमई, खुर्शीद मुन्ना, मीडिया प्रभारी राजीव रंजन, सासाराम प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद राजा, तिलौथू प्रखंड अध्यक्ष रामबली यादव, व फिरोज खान उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।