206 एएसआई को मिला प्रमोशन, रोहतास में एसपी ने कंधे पर लगाए स्टार
रोहतास जिले में 206 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर पदोन्नत किया गया है।

ASI का हुआ प्रमोशन। (जागरण)
HighLights
रोहतास में 206 सहायक अवर निरीक्षकों को सब इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति।
एसपी ने पीपींग समारोह में स्टार लगाकर कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने को कहा।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने में अब मिलेगी अधिक मदद।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास)। जिले के 206 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर प्रोन्नति दी गई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पीपींग समारोह का आयोजन कर सभी को नए स्टार लगाकर कार्य प्रभार सौंपा गया।
एसपी राज ने सहायक अवर निरीक्षक से अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नत हुए कुल 206 पुलिस पदाधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठता व ईमानदारी से ड्यूटी करने की सीख दी।
उन्होंने कहा कि वर्दी जनता के विश्वास व सुरक्षा के लिए पहनी जाती है। यह वर्दी हमें निष्पक्ष भाव से कार्य करने की प्रेरणा भी देती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी के रूप में अब आप सभी के कार्य नजीर बने यह प्रयास सबको करनी चाहिए। एसपी ने सभी नवप्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के साथ ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि पद के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है, इसलिए आम लोगों के प्रति संवेदनशील रहकर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें।
पुलिस अधिकारियों की बढ़ी संख्या
उन्होंने नए दायित्व का कार्य प्रभार भी दिया। एसपी ने कहा कि प्रोन्नति के बाद जिले में सब इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस अधिकारियों की संख्या बढ़ी है।
जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी। पीपींग समारोह में शामिल पुलिस अवर निरीक्षकों ने बेहतर व जिम्मेदारी पूर्ण कार्य के लिए एसपी को भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि उनके कर्तव्य के दौरान किसी तरह की शिकायत का मौका नहीं मिलेगा। पीपींग कार्यक्रम के दौरान पुलिस कार्यालय परिसर में सभी प्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों ने एक साथ फोटो भी खिंचवाई।
