Rohtas: दू्ल्हे के छोटे भाई की मौत के बाद मातम में बदली शादी की खुशियां, नम आंखों के साथ अकेले ही निभाई रस्म
अमेठी निवासी राजकुमार पासवान के बेटे जोगी पासवान की बारात नासरीगंज जा रही थी। सभी के चेहरे पर खुशी का माहौल था तभी अचानक एक ट्रैक्टर के धक्के से बिजली का खंभा टूटकर दूल्हे के छोटे भाई जय विशाल पर गिर पड़ा और वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
संवाद सूत्र, रोहतास। एक भाई के लिए इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता हैं। जब सेहरा बांधे हंसी-खुशी अपनी बारात लेकर जा रहे दूल्हे के सामने ही अचानक छोटा भाई दुर्घटना का शिकार हो जाए। प्रफुल्लित मन से दुल्हन लाने जा रहे बड़े भाई जोगी पासवान पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी की खुशी अचानक मातम में बदल गई।
बुधवार शाम संझौली थाना क्षेत्र के अमेठी निवासी राजकुमार पासवान के बेटे जोगी पासवान की बारात नासरीगंज थाना क्षेत्र के सोहगी गांव जा रही थी। दूल्हा का छोटा भाई भी बड़े भाई की शादी को ले काफी खुश था और साथ में ही जा रहा था।
खंभा गिरने से बुरी तरह जख्मी हुआ छोटा भाई
गांव से बाहर दूल्हे के परिछन का कार्यक्रम चल रहा था। महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। सभी के चेहरे पर खुशी का माहौल था। तभी अचानक एक ट्रैक्टर के धक्के से बिजली का खंभा टूटकर दूल्हे का छोटा भाई जय विशाल पर गिर पड़ा और वह बुरी तरह जख्मी हो गया। इस घटना से खुशी अचानक गम में बदल गई। मंगलगीत बंद हो गया। महिलाएं परिछन छोड़ जख्मी विशाल की ओर दौड़ पड़ी।
सदर अस्पताल में हुई मौत
ग्रामीण आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान रात लगभग नौ बजे उसने दम तोड़ दिया। भाई की मौत की खबर सुन दूल्हा जोगी सन्न रह गया। लोगों में कई तरह की चर्चा होने लगी। कोई फिलहाल शादी टालने की बात कहने लगे, तो कुछ लोग बारात न ले जाकर दो चार लोगों को साथ ले इस रस्म को निभाने के पक्षधर दिखे। ऐसी स्थिति में दूल्हा बने जोगी को अगला कदम उठाना, किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था।
नम आंखों के साथ निभाई रस्म
काफी सोच विचार के बाद अंततः उसने निर्णय लिया। गांव के कुछ लोगों को भाई का पोस्टमार्टम कराने के लिए सासाराम भेज अकेले दूल्हे फर्ज निभाने के लिए लड़की के घर सोहनी गया। आंखों में आंसू लिए दूल्हे का फर्ज निभाया। जोगी बताते हैं, भाई की मौत के बाद हिम्मत जवाब देने लगी थी। लोग भी कई तरह की बातें कर रहे थे। आखिर शादी न कर क्यों लड़की वाले को भी दुख का भागीदार बनाएं। अपने छोटे भाई की मौत के दुखों को सहेजे भारी मन से दूल्हे का फर्ज निभाने की विवशता बन गई थी। विकट परिस्थितियों में दूल्हे की इस फर्ज को लोग काफी सराह रहे हैं।
पिता ने अज्ञात चालक के विरुद्ध कराई प्राथमिकी
अमेठी गांच में दूल्हे की भाई की मौत के बाद पिता ने गुरुवार को अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। प्राथमिकी में ट्रैक्टर चालक को दोषी ठहराया है। पिता राजकुमार पासवान का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण ही घटना घटी।
अगर चालक ने बिजली के खंभे में टक्कर नही मारी होती, तो खंभा नहीं गिरता। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पिता के आवेदन पर प्राथमिकी अंकित कर ली गई है। ट्रैक्टर छोड़ फरार चालक और गाड़ी मालिक का पता लगाया जा रहा है। ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया हैं।