विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवंदिया पहाड़ी की 2 खदानों की नीलामी की तारीख बदली, सासाराम में पत्थर उद्योग से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:02 AM (GMT+05:30)

करवंदिया पहाड़ी में गायघाट व गिजुआही मौजा के दो पत्थर खदानों की बंदोबस्ती की तिथि 30 नवंबर से बदलकर अब 11 दिसंबर कर दी गई है। इस निर्णय से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। 

करवंदिया की पहाड़‍ियों में जल्‍द गूंजेगी क्रशर की आवाज। सांकेत‍िक तस्‍वीर

करवंदिया की पहाड़‍ियों में जल्‍द गूंजेगी क्रशर की आवाज। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. करवंदिया पहाड़ी खदानों की नीलामी अब 11 दिसंबर को होगी।

  2. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 29 नवंबर तक निर्धारित की गई।

  3. पत्थर खनन से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। करवंदिया पहाड़ी में चि‍ह्न‍ित गायघाट व गिजुआही मौजा के दो पत्थर खदान की बंदोबस्ती तिथ‍ि बदली गई है। 

अब पत्थर खदान की बंदोबस्ती 30 नवंबर की बजाए 11 दिसंबर को की जाएगी। इसके लिए 29 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

30 नवंबर को निविदा की तकनीकी जांच मूल्यांकन की जाएगी। इसके बाद उसे नौ दिसंबर को सिस्टम से अपलोड किया जाएगा। 

फिलहाल 13 हेक्टेयर (31.272 एकड़) में दोनों पत्थर खदानों की पांच वर्ष के लिए बंदोबस्ती की जाएगी। इस संबंध में जिला खनन कार्यालय से संशोधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। 

रोजगार के खुलेंगे अवसर

जिले में लंबे समय से बंद पत्थर खनन के एक बार फिर चालू होने से लोगों में खुशी की लहर है। पत्थर उद्योग के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे और आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।

गायघाट व गिजवाही मौजा ब्लाॅक में दिसंबर तक खनन कार्य शुरू कर दिया जाएगा। करवंदिया एवं गिजवाही मौजा के अन्य दो ब्लाॅक में भी पत्थर खनन के लिए वन विभाग से स्वीकृति मिल गई है।

इस बार पुराने नियमावली के तहत क्रशर लाइसेंस लेने का प्रावधान नहीं है और दो किलोमीटर की परिधि में ही सभी क्रशर मशीनें संचालित होंगी।

2012 में बंद कर द‍िया गया था खनन 

ऑक्शन में शामिल होने वाले व्यवसायियों को ही क्रशर चलाने का लाइसेंस दिया जाएगा। बता दें कि जिला प्रशासन ने जून 2012 में करवंदिया पहाड़ को पूरी तरह से खनन कार्य से मुक्त कर दिया था।

उसके बाद प्रशासन ने जिले में पत्थर भंडारण की अनुपलब्धता का हवाला दे बारी-बारी से संचालित लगभग चार सौ क्रशर मशीनों की भी अनुज्ञप्ति को रद कर दिया था।

पत्थर खदान को फिर से चालू करने की मांग को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठी थी। इस दौरान प्रशासन ने दो बार खनन पत्थर पट्टा बंदोबस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की थी।

हालांक‍ि वन विभाग से उसके क्षेत्र में एनओसी नहीं मिलने के कारण प्रशासन को अंतिम दौर में बंदोबस्ती प्रक्रिया को रद करनी पड़ी थी।

गायघाट व गिजुआही मौजा के चिन्हित दो ब्लाॅक की बंदोबस्ती प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब 11 दिसंबर को दोनों खदान की बंदोबस्ती ई-नीलामी के माध्यम से की जाएगी। इस संबंध में संशोधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। बंदोबस्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने का निर्देश जिला खनन कार्यालय को दिया गया है।
दीपक कुमार मिश्रा, डीएम, रोहतास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।