विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तवे जैसी गर्म सड़कें व आग फेंकतीं हवाएं... 46.4 डिग्री की तपिश में रोहतास के सोन कैनाल बना ठिकाना, पानी में बैठे रहे लोग

Published: Tue, 26 May 2026 07:27 PM (IST)

Rohtas Heatwave: रोहतास जिला भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां दावथ में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, ...और पढ़ें

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब पानी वाले स्थानों का सहारा लेने लगे

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब पानी वाले स्थानों का सहारा लेने लगे

HighLights

  1. दावथ में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान, बिहार में सर्वाधिक।

  2. सोन कैनाल के छह मुहंवा स्केप पर लोग पा रहे राहत।

  3. लू के मरीज बढ़े, वन्यजीव भी पानी को भटक रहे।

जागरण टीम, रोहतास। Bihar's Hottest at 46.4°C रोहतास जिला इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि सड़कें तवे की तरह तप रही हैं और हवाएं मानो आग उगल रही हों।

जिले के दावथ में मंगलवार को तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे बिहार में सबसे अधिक रहा। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब पानी वाले स्थानों का सहारा लेने लगे हैं।

नासरीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में थाना मोड़ बाईपास और धुस बाईपास के बीच स्थित आरा नहर का छह मुहंवा स्केप इन दिनों लोगों के लिए राहत का ठिकाना बन गया है।

यहां सुबह से शाम तक युवाओं की टोलियां नहर के पानी में बैठकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करती दिख रही हैं।

वाटर पार्क बना छह मुहंवा स्केप, पानी में डूबे रहे युवा

स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर में पानी छोड़े जाने के कारण छह मुहंवा स्केप पर लगातार जल प्रवाह बना हुआ है।

यही वजह है कि यह स्थान गर्मी से राहत पाने वालों के लिए किसी वाटर पार्क से कम नहीं दिख रहा।

युवा घंटों पानी में बैठकर नहाते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। तेज धूप और उमस से परेशान लोग यहां पहुंचकर कुछ देर राहत महसूस कर रहे हैं।

हालांकि स्थानीय लोगों ने इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर चिंता भी जताई है।

सौंदर्यीकरण नहीं होने से बढ़ रहा खतरा

नगरवासियों का कहना है कि यदि सिंचाई विभाग या नगर पंचायत इस स्केप का सौंदर्यीकरण करा दे तो यह बेहतर पर्यटन स्थल बन सकता है।

फिलहाल यहां सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड और बचाव व्यवस्था जैसी सुविधाएं नहीं हैं।

लोगों ने आशंका जताई कि किसी दिन यहां अप्रिय घटना हो सकती है, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

इसके बावजूद गर्मी से परेशान लोग यहां आने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।

rohtas

बिहार का सबसे गर्म जिला बना रोहतास

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बिहार के टॉप-10 सबसे गर्म स्थानों में रोहतास जिले के चार शहर शामिल रहे।

दावथ 46.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि नोखा, बिक्रमगंज और कोचस में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोपहर में सड़कें सूनी दिख रही हैं और जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।

अस्पतालों में हिट स्ट्रोक, बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

अस्पतालों में बढ़ी हिट स्ट्रोक मरीजों की भीड़

डीएम Udita Singh ने बताया कि जिला और प्रखंड स्तर के अस्पतालों में लू पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए विशेष वार्ड बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

चिकित्सकों के अनुसार चक्कर आना, घबराहट, तेज बुखार, अत्यधिक पसीना और बेहोशी लू लगने के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज कराने की सलाह दी गई है।

rohtas 1

पानी की तलाश में गांवों तक पहुंच रहे वन्यजीव

भीषण गर्मी का असर अब कैमूर पहाड़ी क्षेत्र के जंगलों में भी देखने को मिल रहा है। नदी, नाले और झरने सूखने के कारण जंगली जानवर गांवों और सड़कों की ओर आने लगे हैं।

लंगूर, बंदर, हिरण और सियार भोजन व पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे हैं।

कई जगह बंदरों के झुंड खेतों और बगीचों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जानवर अब घरों तक पहुंचने लगे हैं, जिससे डर का माहौल है।

rohtas 2

सूख गए तालाब, जान जोखिम में डाल सड़क पार कर रहे जानवर

काराकाट क्षेत्र में जलाशय, आहर और पोखर सूख चुके हैं। ऐसे में वन्यजीव पानी के लिए भटक रहे हैं। हाल ही में हिरणों और घुड़परास के झुंड को गांवों और मुख्य सड़कों पर देखा गया।

ग्रामीणों ने बताया कि मोथा गांव के बावन बीघा पोखरे में पानी होने के कारण जानवर वहां पहुंच रहे हैं। इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग पार करना पड़ता है, जिससे उनके जान पर खतरा बना हुआ है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सिर ढंककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और फलों के रस के सेवन की सलाह दी गई है। वहीं बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला नहीं छोड़ने की चेतावनी भी प्रशासन ने जारी की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।