चिप्स बनाने वाले लेडी रोसेटा आलू की खेती करेंगे रोहतास के किसान, सरकार दे रही 75% सब्सिडी
रोहतास जिले के कोचस प्रखंड के कुछिला पंचायत में चिप्स और वेफर्स के लिए उपयुक्त लेडी रोसेटा आलू की 25 हेक्टेयर में खेती की जाएगी।

लेडी रोसेटा किस्म के आलू। (जागरण)
HighLights
25 हेक्टेयर में लेडी रोसेटा आलू की खेती।
किसानों को मिलेगा 75 प्रतिशत तक अनुदान।
चिप्स और वेफर्स के लिए उपयुक्त किस्म।
राम अवतार चौधरी, डेहरी आन-सोन (रोहतास)। जिले में चिप्स और वेफर्स निर्माण के लिए उपयुक्त लेडी रोसेटा आलू की खेती को बढ़ावा देने के लिए कोचस प्रखंड के कुछिला पंचायत के किसानों ने 25 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती के लिए आवेदन किया है। इसके लिए वहां 25 एकड़ का कलस्टर बनाकर दो किस्तों में किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
उद्यान विभाग के अनुसार इस योजना के तहत चयनित किसानों को टिश्यू कल्चर से संवर्धित आधार बीज और निर्धारित लागत के अनुसार किसानों को अधिकतम 75 प्रतिशत तक अनुदान दो किस्तों में उपलब्ध कराने का प्रविधान है।
इस योजना में रैयत और गैर-रैयत दोनों श्रेणियों के निबंधित किसान निर्धारित शर्तों के अनुसार लाभ ले सकेंगे। प्रति किसान न्यूनतम 0.25 एकड़ और अधिकतम पांच एकड़ तक की खेती के लिए अनुदान देय होगा।
चिप्स और वेफर्स उद्योग के लिए खास किस्म
लेडी रोसेटा आलू की ऐसी किस्म है जिसका उपयोग मुख्य रूप से चिप्स और वेफर्स बनाने में किया जाता है। इसकी फसल सामान्यतः 70 से 90 दिनों में तैयार हो जाती है।
अनुकूल परिस्थितियों में इसका औसत उत्पादन 200 से 300 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक हो सकता है। लेडी रोसेटा आलू की बुआई का उपयुक्त समय अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर के दूसरे सप्ताह तक माना जाता है। प्रति हेक्टेयर लगभग 30 क्विंटल बीज की आवश्यकता होती है।
लेडी रोसेटा आलू की खेती क्लस्टर आधारित कार्यक्रम है। जिले में 25 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि इसके विरुद्ध लगभग 25 हेक्टेयर के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। क्लस्टर चयन करने के उपरांत संबंधित चयनित प्रखंड की पंचायत से साफ्टवेयर के माध्यम से आनलाइन आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। आवेदन हार्टिकल्चर बिहार पोर्टल के माध्यम से लिए जा रहे हैं। आवेदनों की जांच के बाद निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पात्र किसानों का चयन कर उन्हें बीज एवं इनपुट अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
जितेंद्र कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी रोहतास
