Kartik Purnima 2026: 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजा डेहरी, झारखंडी महादेव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर डेहरी आन सोन में सोन नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने पवित्र स्नान कर झारखंडी महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्तिक पूर्णिमा पर एनीकट स्थित सोन नदी में स्नान करते श्रद्धालु। जागरण फोटो
HighLights
सोन नदी में श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान।
झारखंडी महादेव मंदिर में भक्तों ने किया जलाभिषेक।
कार्तिक पूर्णिमा पर डेहरी में दिखा भक्तिमय माहौल।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास)। कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima 2026) के पावन अवसर पर मंगलवार को एनीकट स्थित सोन नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोन नदी में स्नान करने पहुंचे। पर्व को लेकर नदी तट पर भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने पवित्र सोन में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने एनीकट स्थित प्रख्यात झारखंडी महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति और मंगलकामना की।

पंडित सत्यनारायण मिश्र ने कार्तिक पूर्णिमा पर सोन नदी में स्नान के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महात्म्य की जानकारी श्रद्धालुओं को दी।
उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा को विशेष पुण्यदायी तिथि माना गया है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान, पूजा-पाठ एवं दीपदान का विशेष महत्व है।
कार्तिक पूर्णिमा पर सोन तट और झारखंडी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ ने डेहरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। सुबह से ही क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।