रोहतास में जनार्दन तिवारी हत्याकांड मामले का मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 3 हो चुकी अब तक गिरफ्तारी
रोहतास के करगहर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान हुए बच्चा तिवारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी ओम प्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी देते हुए रोहतास एसपी राज। (जागरण)
HighLights
मुख्य आरोपी ओम प्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू गिरफ्तार।
बच्चा तिवारी हत्याकांड में कुल तीन गिरफ्तारियां।
गाली-गलौज के बाद हुई थी हत्या।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। जिला के करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में दुर्गा पूजा के दौरान बच्चा तिवारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी ओम प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड का पूरी तरह से राजफाश कर दिए जाने का दावा रोहतास एसपी राज ने रविवार को सासाराम नगर थाना पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसपी ने बताया कि इस मामले में अभियुक्तों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने का अनुरोध न्यायालय से किया जाएगा।
हत्या मामले का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य अभियुक्त ओमप्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू के अलावा शंभू शर्मा और गुड्डू शर्मा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को करीब 10:40 बजे गुप्त सूचना मिली कि डुमरी हत्याकांड का प्राथमिक अभियुक्त ओमप्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू शिवसागर बाजार में घूम रहा है।
सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई।
गठित पुलिस टीम ने शिवसागर थाना क्षेत्र के शिवसागर बाजार में छापेमारी कर ओमप्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू को गिरफ्तार कर लिया।
वह करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव का निवासी बताया गया है। विदित हो कि इस मामले में दो अन्य आरोपी शंभु शर्मा व गुड्डु शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गाली-गलौज के बाद कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे उसका और जनार्दन तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी के बीच गाली-गलौज हुई थी।
इसी विवाद के बाद गुस्से में आकर उसने जनार्दन तिवारी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने भाई गुड्डू शर्मा और चचेरे भाई शंभू शर्मा को फोन कर निर्माणाधीन मकान पर बुलाया। इसके बाद तीनों ने शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से गांव से बाहर ले जाने की योजना बनाई।
इसी दौरान गांव की ओर से टेंपो आने की आवाज सुनाई देने पर आरोपी जनार्दन तिवारी का शव को ठिकाने लगाने की मंशा में सफल नहीं हो सके।
यह भी पढ़ें- जनार्दन तिवारी हत्याकांड: रोहतास पुलिस ने 2 आरोपितों को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार
