प्रेम-भाईचारे के साथ मनी ईद, गले मिल दी बधाई
रोहतास। प्रेम-भाईचारा की प्रतीक ईद बुधवार को हर्षोल्लास के साथ जिले भर में मनाई गई। इस दौ
रोहतास। प्रेम-भाईचारा की प्रतीक ईद बुधवार को हर्षोल्लास के साथ जिले भर में मनाई गई। इस दौरान ईदगाह व मस्जिदों में ईद की सामूहिक नमाज अदा की गई। नमाज अदा कर लोगों ने एक दूसरे से गले मिल ईद की बधाई दी। मलीदा-सेवई का दौर भी दिनभर चलता रहा। सुबह होते ही बच्चे, बूढ़े, जवान साफ सुथरे लिबास में तैयार हो ईद की नमाज अदा करने के लिए घर से निकल पड़े। मस्जिदों व ईदगाहों में भीड़ जुटनी शुरू हो गई। शहर के विभिन्न मस्जिदों में ईद उल फित्र की नमाज सौहार्दपूर्ण वातावरण में अदा की गई।
स्थानीय शेरशाह रौजा के पास स्थित शाही ईदगाह में मुख्य नमाज अदा की गई। जहां नमाजियों की काफी भीड़ रही। इस दौरान नमाजियों ने देश में अमन, खुशहाली व तरक्की के लिए दुआएं मांगी। इसके अलावा शाही मस्जिद मदार दरवाजा, बागभाई खां, खिलनगंज, हसनसूर खां मस्जिद, तकिया सलीम शाह, चिकटोली, नूरनगंज, मोगलपुरा, कबीरगंज, चौखंडी, शाहजुमा, बरादरी, इमली आदम खां, बड़ा शेखपुरा, खानखाह कबिरिया सहित अन्य मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों का एक दूसरे के गले लगकर बधाई व मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने एक दूसरे को ईद की बधाई दी। नमाजियों ने कहा कि रमजान का महीना रहमत व बरकत का महीना होता है। जिसका आखिरी दिन ईद पर्व के रूप में मनाया जाता है। आज नमाज के साथ-साथ विश्वशांति व आपसी भाईचारे की दुआएं मांगी गई। ईद को ले सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त दुरुस्त रही। ईदगाह व मस्जिदों के आसपास पुलिस व दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। हिदू भाइयों ने भी नमाज के बाद मुस्लिम भाइयों के घर पहुंच ईद की बधाई दी। नमाज के बाद एक दूसरे के घरों पर आने जाने व खाने पीने का दौर शुरू हुआ। लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर सेवई व अन्य पकवानों का आनंद उठाया। ईद को ले जिले में साढ़े तीन सौ स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अलावा अनुमंडल में भी स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। सासाराम में सदर एसडीएम राजकुमार गुप्ता, एसडीपीओ राजेश कुमार, नगर थानाध्यक्ष विध्याचल प्रसाद, मुफस्सिल थानाध्यक्ष कमलेश्वर प्रसाद समेत अन्य अधिकारी पूरे दिन गश्त लगाते रहे। ईद को ले जिला कंट्रोल रूम का भी गठन किया गया था। जहां रिजर्व में अधिकारी व सुरक्षा कर्मी मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप