उत्पादन में वृद्धि को किसान करें नई तकनीक से खेती
रोहतास। स्थानीय किसान भवन में मंगलवार को रबी महोत्सव सह कृषि जागरुकता महाभियान के तहत
रोहतास। स्थानीय किसान भवन में मंगलवार को रबी महोत्सव सह कृषि जागरुकता महाभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। उद्घाटन कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामपाल, उपप्रमुख डॉ. मधु उपाध्याय, बीडीओ कुमुद रंजन, सीओ आशीष कुमार, थानाध्यक्ष केपी यादव व बीएओ अमीरचंद राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामपाल ने किसानों को नई तकनीक से खेती पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि खेतों में भूलकर भी डंठल न जलाएं। इससे फसलों के मित्र कीट व खेतों की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है। साथ ही संतुलित मात्रा में रसायनिक उर्वरकों का ही प्रयोग करें। आज पैदावार में जो समस्याएं आ रही है, उसका सबसे बड़ा कारण अंधाधुंध उर्वरकों का प्रयोग एवं खेतों में डंठल को जलाना ही माना जा रहा है। उप प्रमुख डॉ मधु ने कहा कि किसानों को वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही जानकारी को अमल में लाने की जरूरत है। आज वैज्ञानिक ढंग के खेती से ही गांव खुशहाल बनेगा। जब गांव खुशहाल बनेगा तो स्वाभाविक रूप से देश में भी खुशहाली आएगी। संचालन कृषि समन्वयक नवनीत किशोर सिंह ने किया। मौके पर उद्यान पदाधिकारी सुनील मिश्रा, किसान सलाहकार हरिद्वार प्रसाद, उदय कुमार, किसान रामरूप सिंह, श्रीभगवान सिंह सहित कई उपस्थित थे।