ट्रेन में पेन लेकर घूम रहे थे फर्जी TTE, बिहार में पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस से RPF ने दबोचा
आरपीएफ ने पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस में यात्रियों से अवैध वसूली कर रहे दो फर्जी टीटीई को डेहरी आनसोन में गिरफ्तार किया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)
HighLights
पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस से दो फर्जी टीटीई गिरफ्तार।
यात्रियों से अवैध वसूली और मोबाइल चोरी का आरोप।
आरपीएफ ने कार्रवाई कर जीआरपी को सौंपा।
संवाद सहयोगी, डेहरी आनसोन (रोहतास)। पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस में शनिवार को यात्रियों से फर्जी टीटीई बनकर अवैध वसूली कर रहे दो युवकों को आरपीएफ ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपितों के पास से यात्रियों के चोरी किए गए दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। आरपीएफ निरीक्षक राज किशोर कछवाहा के अनुसार वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देशन में स्टेशन परिसर व ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई थी।
इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची गाड़ी संख्या 14021 अप पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस के कोच एस-पांच में जांच शुरू की गई।
जांच टीम ने देखा कि दो संदिग्ध व्यक्ति हाथ में कलम लेकर सोए हुए यात्रियों को जगा-जगाकर टिकट चेक कर रहे हैं। संदेह होने पर जब आरपीएफ ने उनसे पूछताछ की और प्राधिकार पत्र मांगा, तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
बर्थ संख्या 55 व 56 पर यात्रा कर रहे यात्रियों ने भी पुष्टि की कि दोनों खुद को टीटीई बताकर टिकट की जांच कर रहे थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपितों ने अपनी पहचान झारखंड के गढ़वा जिला स्थित डंडई निवासी सुनील कुमार व रोहित कुमार के रूप में दी।
यात्री से चुराए फोन
दोनों की तलाशी लेने पर सुनील के पास से दो एंड्रायड मोबाइल बरामद हुए, जिन्हें उन्होंने इसी ट्रेन के यात्रियों से चुराने की बात स्वीकार की।
आरपीएफ ने बरामद मोबाइलों की जब्ती सूची बनाकर दोनों आरोपितों को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस को सौंप दिया है। जीआरपी ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- वैशाली में पानी में थूकने के मामूली विवाद में बवाल, हाजीपुर-महनार NH-122B पर जमकर पथराव; 13 लोग घायल
