लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश: सासाराम में शादी का नाटक रचकर ठगी करने वाली 3 शातिर महिलाएं गिरफ्तार
सासाराम पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले नकली दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने दी जानकारी। (जागरण)
HighLights
सासाराम पुलिस ने नकली दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश किया।
शादी का झांसा देकर 50 हजार रुपये की ठगी की गई।
गिरोह की तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। बाहर के लोगों को शादी का झांसा देकर मोटी रकम वसूलने वाले नकली दुल्हन गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
इस क्रम में शनिवार को गिरोह में शामिल तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। वे एक युवक से 50 हजार रुपये ठगी की थी। उनके पास से एक मंगलसूत्र, एक पायल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
सासाराम एक के एसडीपीओ विपल्व कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि शादी का झांसा देकर 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में सासाराम नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता दयाशंकर कुमार ने सासाराम नगर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके साथ झूठी शादी का झांसा देकर 50 हजार रुपये की ठगी की गई है।
शिकायत के आधार पर सासाराम नगर थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नोखा थाना क्षेत्र की रहने वाली सीता देवी पति ददन राम व सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बोलिया निवासी गुलबशा खातून पति मेराज फारुकी उर्फ मिराज फारुकी; तथा गुड़िया देवी, पति गौरव चौधरी को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि कथित ठगी के मामले में दोनों पक्षों की ओर से मध्यस्थता किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता और पूरे घटनाक्रम की भूमिका की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में सासाराम नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष रामजीवन कुमार, अनुसंधानकर्ता अजीत कुमार तथा पुलिसकर्मी नंदलाल कुमार, अक्षय कुमार, उज्ज्वल कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
इसके पूर्व भी कई बार शादी का नाटक कर गहना व कपड़ा लेकर मंडप से दुल्हन को फरार होने की घटना घट चुकी है।
यह भी पढ़ें- मुंगेर में पहाड़ की तराई में गमछे से बंधा मिला युवक का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
