विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन के टुकड़े के लिए भाई बना कातिल, रोहतास में छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या

Published: Sun, 04 Oct 2026 10:11 PM (IST)

सासाराम के दलेलगंज मोहल्ले में बड़े भाई रवि पटवा ने मामूली विवाद में अपने छोटे भाई रोहित पटवा की चाकू मारकर हत्या कर दी।

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. बड़े भाई रवि पटवा ने छोटे भाई रोहित पटवा की हत्या की।

  2. मामूली विवाद और जमीन के झगड़े में चाकू मारा।

  3. पुलिस ने आरोपी रवि पटवा को गिरफ्तार कर चाकू जब्त किया।

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। स्थानीय नगर निगम के दरिगांव थाना क्षेत्र के दलेलगंज मोहल्ले में वर्फ फैक्ट्री के समीप रविवार को बड़े भाई रवि पटवा ने मामूली विवाद में अपने सहोदर छोटे भाई रोहित पटवा 28 वर्ष की चाकू मार कर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू को जब्त कर लिया गया है। शव को सदर अस्पताल में पास्टमार्टम कराया जा रहा है।

सासाराम एक के एसडीपीओ विप्लव कुमार ने घटनास्थल की जांच के बाद बताया कि दलेलगंज मोहल्ले में रवि पटवा नामक एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई रोहित पटवा को मामूली विवाद में चाकू मार कर हत्या कर दी है।

आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

बताया जाता है रवि पटवा और उसके छोटे भाई रोहित पटवा के बीच पिछले कई दिनों से किसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके बाद मामूली बात को ले रवि ने रोहित पटवा पर धारदार चाकू से हमला कर मौत की घाट उतार दिया।

इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। परिवार में कोहराम मचा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दरिगांव थाने की पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

घटना की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलूओं की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से शव बरामद कर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम लाई है।

यह भी पढ़ें- जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस में महिला को थप्पड़ मारने वाला बेडरोल कर्मी गिरफ्तार, उत्तराखंड से छपरा GRP ने पकड़ा