विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सासाराम, डेहरी और भभुआ रोड से दक्षिण भारत की सीधी ट्रेन, आज से दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस

Published: Sat, 22 Aug 2026 08:39 AM (IST)

नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन धनबाद से कोयंबटूर के बीच शनिवार से शुरू हो रही है, जिससे रोहतास, कैमूर ...और पढ़ें

धनबाद-कोयंबटूर के बीच चलेगी अमृत भारत ट्रेन।

धनबाद-कोयंबटूर के बीच चलेगी अमृत भारत ट्रेन।

HighLights

  1. धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस आज से शुरू।

  2. सासाराम, डेहरी, भभुआ रोड पर मिलेगा ठहराव।

  3. दक्षिण भारत यात्रा, वेल्लोर मरीजों को विशेष लाभ।

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में रोहतास समेत कैमूर और औरंगाबाद जिले के यात्रियों के लिए शनिवार से नई सुविधा शुरू होने जा रही है।

धनबाद से कोयंबटूर के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन से दक्षिण भारत की यात्रा आसान होगी।

खासकर वेल्लोर में इलाज कराने जाने वाले मरीजों और कपड़ा व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

ट्रेन संख्या 22363/22663 धनबाद से कोयंबटूर के बीच चलेगी। इसके मार्ग में गोमो, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, बल्लारशाह, वरंगल, विजयवाड़ा, गुडुर, काटपाडी, जोलारपेट्टै और ईरोड जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

जिले के यात्रियों की सुविधा के लिए अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी आन सोन, सासाराम जंक्शन और भभुआ रोड स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

सासाराम, डेहरी और भभुआ रोड में मिलेगा ठहराव

नई ट्रेन के परिचालन से रोहतास के साथ कैमूर और औरंगाबाद के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से काटपाडी स्टेशन के माध्यम से वेल्लोर जाने वाले मरीजों और उनके स्वजन को सुविधा होगी।

वहीं, दक्षिण भारत से कपड़ा और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के सिलसिले में आने-जाने वाले कारोबारियों को भी सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

शनिवार को धनबाद से रवाना होगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 22363 प्रत्येक शनिवार को धनबाद से शाम 4:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन उसी दिन रात 8:40 बजे डेहरी ऑन सोन, 8:56 बजे सासाराम और 9:30 बजे भभुआ रोड पहुंचेगी।

इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए कोयंबटूर जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22663 प्रत्येक मंगलवार को कोयंबटूर से सुबह 7:50 बजे खुलेगी।

वापसी के दौरान यह गुरुवार सुबह 5:05 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, 5:56 बजे भभुआ रोड, 6:30 बजे सासाराम और 6:48 बजे डेहरी आन सोन पहुंचेगी।

22 कोच के साथ चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस

नई साप्ताहिक ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें आठ शयनयान (स्लीपर) कोच, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल) कोच, एक पैंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।

साप्ताहिक परिचालन वाली इस ट्रेन से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।

यह भी पढ़ें- पटना से बेंगलुरु तक नई एक्सप्रेस ट्रेन, बक्सर-आरा में भी ठहराव; यहां देखें पूरा टाइम टेबल