पटना से बेंगलुरु तक नई एक्सप्रेस ट्रेन, बक्सर-आरा में भी ठहराव; यहां देखें पूरा टाइम टेबल
पटना और एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच 1 सितंबर से बक्सर के रास्ते एक नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन (22365/22366) का परिचालन शुरू होगा। यह ट्रेन दानापुर-एसएमवीटी स्पेशल ट्रेन की जगह लेगी।

बक्सर के रास्ते चलेगी पटना बंगलुरु एक्सप्रेस। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पटना-बेंगलुरु नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन 1 सितंबर से शुरू।
बक्सर, आरा के रास्ते दक्षिण भारत के लिए अतिरिक्त सुविधा।
ट्रेन संख्या 22365/22366, 24 कोच के साथ चलेगी।
जागरण संवाददाता, बक्सर। दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। संघमित्रा एक्सप्रेस के मार्ग पर एक और नई दैनिक ट्रेन का परिचालन एक सितंबर से शुरू होने जा रहा है।
पटना और एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच बक्सर के रास्ते नई ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दानापुर-एसएमवीटी स्पेशल ट्रेन संख्या 03251 और 03252 को नए नंबर 22365 और 22366 के साथ दानापुर-एसएमवीटी-दानापुर एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया जाएगा।
एक सितंबर से नियमित चलेगी ट्रेन
इसका नियमित परिचालन पटना से एक सितंबर और एसएमवीटी बेंगलुरु से तीन सितंबर से प्रतिदिन शुरू होगा। ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे।
इनमें दो एलएसएलआरडी, सात साधारण द्वितीय श्रेणी, 10 शयनयान, तीन तृतीय वातानुकूलित और दो द्वितीय वातानुकूलित कोच शामिल हैं।
ट्रेन संख्या 22365 दानापुर से प्रतिदिन दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी। यह 3:16 बजे आरा, 4:13 बजे बक्सर, 5:53 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), रात 8:25 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी।
इसके बाद अगले दिन सुबह 3:25 बजे जबलपुर, 7:20 बजे इटारसी, दोपहर 12:05 बजे नागपुर और रात 11:35 बजे विजयवाड़ा पहुंचेगी।
तीसरे दिन सुबह 7:55 बजे पेरम्बूर (चेन्नई) और 9:50 बजे काटपाड़ी सहित अन्य स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। वापसी में ट्रेन संख्या 22366 एसएमवीटी बेंगलुरु से तीन सितंबर से प्रतिदिन रात 11:50 बजे रवाना होगी।
अगले दिन सुबह 3:50 बजे काटपाड़ी, 5:55 बजे पेरम्बूर (चेन्नई) और दोपहर 2:55 बजे विजयवाड़ा पहुंचेगी। तीसरे दिन रात 1:00 बजे नागपुर, 5:50 बजे इटारसी पहुंचेगी।
वापसी में 10:10 बजे रात में पहुंचेगी बक्सर
वहां से सुबह 9:00 बजे जबलपुर, शाम 5:30 बजे प्रयागराज छिवकी, रात 8:58 बजे डीडीयू, 10:10 बजे बक्सर और 11:01 बजे आरा पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए दानापुर पहुंचेगी।
नई दैनिक ट्रेन के परिचालन से बक्सर, आरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत, विशेषकर बेंगलुरु, चेन्नई और वेल्लोर की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- सासाराम, डेहरी और भभुआ रोड से दक्षिण भारत की सीधी ट्रेन, आज से दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
