विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सासाराम और भभुआ होकर चलेगी धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत ट्रेन, दक्षिण भारत का सफर होगा आसान

Published: Wed, 12 Aug 2026 07:00 AM (IST)

रोहतास और कैमूर जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि धनबाद से कोयंबटूर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिल गई है।

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन। (फाइल फोटो)

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली मंजूरी।

  2. सासाराम, डेहरी आनसोन में होगा ठहराव, लोगों को लाभ।

  3. रोहतास, कैमूर के लोगों को दक्षिण भारत की सीधी कनेक्टिविटी।

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। रोहतास व कैमूर जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। इन दोनों जिले के लोगों को इलाज कराने के लिए वेल्लोर जाना आसान हो जाएगा। यहां के लोगों की कोयंबटुर तक ट्रेन सेवा शुरू करने की चीर प्रतिक्षित मांग पूरी हो गई है।

रेलवे ने धनबाद से कोयंबटुर तक के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी आनसोन, सासाराम जंक्शन, भभुआ रोड, डीडीयू होते हुए गंतव्य को जाएगी।

हालांकि पूर्व की स्वीकृत संतरागाछी-खातीपुरा तथा गोड्डा-अजमेर एक्सप्रेस नई ट्रेन के चलाने की उम्मीद जिले के लोगों को अभी भी है।

रेलवे का जताया आभार

धनबाद-कोयंबटुर अमृत भारत ट्रेन चलाने के निर्णय का श्याम सुंदर पासवान, प्रिंस सिंह, जयप्रकाश, शुभम पांडेय, शिवम कुमार, कासिफ कमाल, प्रेम प्रकाश समेत सासाराम रेलफैन एसोसिएशन समेत अन्य संगठन से जुड़े लोगों ने रेलमंत्री व रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।

जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 22363 धनबाद से प्रत्येक शनिवार को शाम 4.10 में चलेगी, जो उसी रात लगभग दस बजे सासाराम पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन 22364 प्रत्येक मंगलवार को सुबह सात बजे कोयंबटुर से चलेगी जो गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े साढ़े छह बजे सासाराम जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन की मंजूरी से जिले वासियों को अब दक्षिण भारत के लिए सीधी और सस्ती रेल सेवा मिलनी शुरू हो जाएगी। साथ ही कपड़ा मंडी तिरुप्पुर और कोयंबटूर से सीधा जुड़ाव होगा।

यह भी पढ़ें- धनबाद-कोयंबटूर के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश; CMC वेल्लूर के लिए नया विकल्प