रोहतास में डेहरी के प्रवेश द्वार की बदलेगी सूरत, जवाहर सेतु के पास कचरा हटाकर शुरू हुआ संपर्क पथ का निर्माण
डेहरी ऑन सोन के जवाहर सेतु पर वर्षों के कचरे को हटाकर NHAI ने संपर्क पथ का निर्माण शुरू किया है। इससे शहर के प्रवेश द्वार की सूरत बदलेगी, यातायात सुगम होगा और बस यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

संपर्क सड़क का हो रहा निर्माण। जागरण
HighLights
कचरा हटाकर NHAI ने संपर्क पथ निर्माण शुरू किया।
शहर के प्रवेश द्वार की सूरत बेहतर होगी।
बस यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा, दुर्घटनाएं घटेंगी।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH 19) के जवाहर सेतु स्थित श्मशान घाट (मुक्तिधाम) के समीप अब शहर के प्रवेश द्वार की सूरत बदलने की कवायद शुरू हो गई है।
वर्षों से कचरे के अंबार और गंदगी की समस्या से जूझ रहे इस इलाके में सफाई के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने संपर्क पथ के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है।
इससे न केवल शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, बल्कि अंतरराज्यीय बसों के यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गौरतलब है कि कोलकाता-दिल्ली मुख्य मार्ग पर जवाहर सेतु के समीप मुक्तिधाम के पास लंबे समय से कचरा फेंका जा रहा था।
धीरे-धीरे यहां कचरे का विशाल अंबार लग गया था। शहर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर गंदगी और दुर्गंध के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती थी।
इस समस्या को देखते हुए एनएचएआई ने विशेष अभियान चलाकर करीब तीन जेसीबी और दस ट्रैक्टरों की मदद से कई दिनों तक सफाई कराई। इसके बाद अब संपर्क पथ का निर्माण तेज कर दिया गया है।
140 मीटर लंबी काली सड़क और छह मीटर चौड़ा पेवर ब्लॉक पथ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे करीब 140 मीटर लंबी और सात मीटर चौड़ी अलकतरा (बिटुमिनस) सड़क का निर्माण कराया गया है।
वहीं, दक्षिण दिशा में छह मीटर चौड़े पेवर ब्लॉक पथ का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा बसवे के समीप लगभग पांच मीटर चौड़ाई में यात्री शेड का निर्माण भी प्रस्तावित है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने और अलग से बस ठहराव की व्यवस्था होने से यात्रियों को चढ़ने-उतरने में सुविधा मिलेगी।
बसों के अनियंत्रित ठहराव से दुर्घटनाओं का खतरा होगा कम
डेहरी से टाटा, रांची, बंगाल, छत्तीसगढ़ और बनारस समेत विभिन्न राज्यों की ओर जाने वाली बसों के यात्रियों को इस व्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसों के अचानक रुकने से पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
निर्धारित बसवे बनने से बसें मुख्य यातायात मार्ग से हटकर यात्रियों को चढ़ा और उतार सकेंगी। इससे जाम की समस्या भी कम होगी।
स्थानीय लोगों ने जताई खुशी, बताया शहर के लिए बेहतर पहल
स्थानीय निवासी बनारसी ठाकुर ने कहा कि जवाहर सेतु के पास शहर का यह प्रमुख प्रवेश द्वार है। लंबे समय से यहां कचरे का अंबार लगा रहने से बाहर से आने वाले लोगों के बीच शहर की अच्छी छवि नहीं बन पा रही थी।
सफाई के बाद संपर्क पथ का निर्माण शुरू होना सराहनीय पहल है। इससे शहर के प्रवेश द्वार का स्वरूप बेहतर होगा और लोगों को गंदगी से मुक्ति मिलेगी।
टुनटुन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंतरराज्यीय बसों के रुकने के दौरान अक्सर पीछे से आने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
सड़क चौड़ी होने और अलग से बसवे बनने से बसों के ठहराव के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। इससे मुख्य सड़क पर यातायात बाधित नहीं होगा और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
यात्री शेड से लोगों को होगी सहुलियत
बबन कुमार सिंह ने कहा कि यात्री शेड का निर्माण होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सुविधा मिलेगी। अभी यात्रियों को बस के इंतजार में धूप और बारिश के बीच सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है।
शेड बनने के बाद उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित जगह मिल सकेगी। यह सुविधा डेहरी से दूसरे राज्यों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
वीर प्रकाश यादव ने कहा कि संपर्क पथ का निर्माण शहर के यातायात को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सड़क पर मार्किंग, डिवाइडर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाने से औरंगाबाद की ओर से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश करने में सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि दोबारा कचरे का अंबार नहीं लगे और शहर का प्रवेश द्वार स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे।
संपर्क पथ का निर्माण पूरा होने के बाद सड़क पर मार्किंग, डिवाइडर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाने की योजना है। इससे शहर के प्रवेश और निकासी मार्ग पर यातायात का दबाव नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। वर्षों से बदहाल इस स्थल का विकसित होना शहर के लिए राहत की बात है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।