डीडीयू-सासाराम रेलखंड पर आज 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन, सुरक्षा अलर्ट जारी
पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-सासाराम-गया-प्रधानखांटा रेलखंड पर ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए बुधवार को 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार ...और पढ़ें

180 घंटे प्रति किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी ट्रेन।
HighLights
डीडीयू-सासाराम रेलखंड पर 180 किमी/घंटा स्पीड ट्रायल।
सुरक्षा अलर्ट जारी, आम जनता से सतर्कता की अपील।
डीडीयू से प्रधानखांटा तक होगा हाई-स्पीड निरीक्षण।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन–सासाराम–गया–प्रधानखांटा रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।
बुधवार को इस रूट पर 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया जाएगा, जिसके लिए पूरे रेलखंड पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है।
डीडीयू–सासाराम–गया जंक्शन–प्रधानखांटा (धनबाद) रेलखंड पर हाई-स्पीड ट्रेनों के परिचालन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को पूरे दिन कर्मी ट्रैक को 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के अनुरूप तैयार करने में जुटे रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस ट्रायल ट्रेन के जरिए इस खंड का निरीक्षण किया जाएगा।
डीडीयू से धनबाद मंडल के प्रधानखांटा तक जाएगी ट्रेन
यह ट्रेन पहले डाउन लाइन में डीडीयू जंक्शन से चलकर सासाराम, सोननगर, गया होते हुए धनबाद मंडल के प्रधानखांटा तक जाएगी। इसके बाद अप लाइन से पुनः डीडीयू जंक्शन लौटेगी।
डीडीयू मंडल ने इस हाई-स्पीड ट्रायल को देखते हुए आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पूरे दिन रेल लाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, मवेशियों को ट्रैक से दूर रखने तथा समपार फाटकों पर सभी संकेतों और निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में बंद फाटक या अनाधिकृत स्थान से रेल लाइन पार न करें। यात्रियों को स्टेशनों पर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म जाने के लिए केवल फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
रेल प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर होने वाली किसी भी दुर्घटना के लिए जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
