विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather: आसमान से बरसती बूंदों ने किसानों के अरमानों पर फेरा पानी, धान की कटनी अटकी तो गेहूं की बुआई पर भी संकट

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:34 PM (GMT+05:30)

Bihar Weather: मौसम की बेरुखी से रोहतास के किसानों की चिंता बढ़ गई है, लगातार बारिश और नमी से धान की खड़ी और कटी फसल दोनों को नुकसान हो रहा है। इससे रबी फसलों, खासकर गेहूं की बुआई में देरी और सब्जियों में फंगल रोगों का खतरा मंडरा रहा है।

खेतों में नमी ने रोकी धान की कटाई

खेतों में नमी ने रोकी धान की कटाई

HighLights

  1. लगातार बारिश से धान की खड़ी व कटी फसल को नुकसान।

  2. गेहूं सहित रबी फसलों की बुआई में भारी देरी की आशंका।

  3. कृषि विशेषज्ञों ने जीरो टिलेज, उन्नत बीज अपनाने की सलाह।

संवाद सूत्र, संझौली (रोहतास)। मौसम की बेरुखी ने किसानों की उम्मीदों पर एक बार फिर पानी फेरना शुरू कर दिया है। लगातार दो दिनों से आसमान में छाए बादल और रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी ने खेतों से लेकर खलिहानों तक किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

पिछले महीने आए चक्रवाती तूफान के बाद हुई बारिश से धान की खड़ी फसल को पहले ही काफी नुकसान पहुंच चुका है। अब मौसम के बदले मिजाज ने बची हुई फसल के साथ अगली खेती पर भी संकट खड़ा कर दिया है।

खेतों में नमी ने रोकी धान की कटाई, खलिहानों में भी बढ़ी परेशानी

पकी हुई धान की फसल की कटाई के बाद खेतों में रखी फसल को सुखाना किसानों के लिए मुश्किल हो गया है। लगातार नमी बने रहने से कटाई और फसल को सुरक्षित रखने में बाधा आ रही है। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा तो खेतों में खड़ी और काटकर रखी गई धान की फसल को और नुकसान हो सकता है।

छह महीने की मेहनत पर फिर सकता है पानी

किसानों के लिए यह स्थिति दोहरी चिंता लेकर आई है। एक तरफ धान की फसल बचाने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ रबी की खेती समय पर शुरू करने का दबाव। छह महीने की मेहनत और खेती में लगी पूंजी पर मौसम की मार पड़ने से किसान परेशान हैं। खेतों में जरूरत से ज्यादा नमी रहने के कारण अगली फसल की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।

गेहूं की बुआई का समय निकलने का सताने लगा डर

किसानों के अनुसार, गेहूं की बुआई के लिए 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक का समय उपयुक्त माना जाता है। ऐसे में खेतों में लगातार नमी रहने से समय पर बुआई नहीं हो पाने की आशंका बढ़ गई है। यदि बुआई में देरी होती है तो इसका सीधा असर गेहूं की पैदावार पर पड़ सकता है। इसके अलावा चना सहित अन्य रबी फसलों की खेती भी प्रभावित हो रही है।

सब्जियों पर भी मंडराने लगा फंगल रोगों का खतरा

मौसम की मौजूदा स्थिति सिर्फ धान और गेहूं तक सीमित नहीं है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, खेतों में अधिक नमी रहने से सब्जियों की फसल में फंगस और अन्य रोग लगने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में किसानों के सामने एक साथ कई फसलों को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

जीरो टिलेज तकनीक से गेहूं की बुआई करने की सलाह

मौसम के कारण गेहूं की बुआई में होने वाली देरी को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जीरो टिलेज तकनीक अपनाने की सलाह दी है। इस तकनीक से समय और लागत दोनों की बचत हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर के बाद गेहूं की बुआई में देरी होने पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन घटने की आशंका रहती है।

उन्नत किस्मों के बीज से नुकसान कम करने की कोशिश

कृषि विशेषज्ञों ने मौसम और बुआई की स्थिति को ध्यान में रखते हुए डीबीडब्ल्यू-187, एचडी-2967, डीबीडब्ल्यू-386 और डीबीडब्ल्यू-338 जैसी उन्नत किस्मों के बीजों का चयन करने की सलाह दी है। सही तकनीक और उपयुक्त बीज के इस्तेमाल से संभावित नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता है।

सरसों की बुआई में देरी से दाना भरने तक पड़ेगा असर

कृषि वैज्ञानिक रतन कुमार, केवीके बिक्रमगंज के अनुसार, यदि खेतों में लंबे समय तक नमी बनी रहती है तो रबी फसलों की बुआई समय पर करना मुश्किल हो जाएगा। खासकर सरसों की बुआई में देरी से बीज के अंकुरण, फूल आने और दाना भरने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे दाना भरने की अवधि कम होने के साथ उपज और गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।

धान की खड़ी और कटी फसल दोनों पर खतरा

रतन कुमार ने बताया कि मौजूदा मौसम में खेतों में खड़ी धान की फसल में अधिक खखरी आने और काटकर रखी गई फसल के सड़ने की आशंका है। लगातार नमी रहने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। ऐसे में मौसम की अनिश्चितता ने धान की बची हुई फसल और रबी की अगली खेती, दोनों को लेकर चिंता पैदा कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।