सासाराम-गया-डीडीयू रेलखंड से कोयंबटूर तक नई कनेक्टिविटी, अमृत भारत ट्रेन पहुंचने पर हुआ स्वागत
रोहतास और कैमूर जिले को अब धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के माध्यम से दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क मिल ...और पढ़ें

चालक दल के सदस्य का स्वागत करते लोग।
HighLights
धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू।
रोहतास और कैमूर को दक्षिण भारत से जोड़ा।
यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। रोहतास और कैमूर जिले के लोगों को शनिवार से एक और बेहतर रेल सेवा मिलनी शुरू हो गई।
ट्रेन संख्या 22363/22364 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शुरू हो गया। पहले दिन ट्रेन सासाराम जंक्शन पर 22 मिनट की देरी से पहुंची।
चालक दल का किया गया स्वागत
यहां स्थानीय लोगों ने चालक दल के सदस्यों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। पहले दिन जिले से एक सौ से अधिक लोगों ने विभिन्न स्टेशनों के लिए यात्रा की।
इनमें 25 यात्री आरक्षित कोच में सवार हुए। इस ट्रेन के परिचालन से रोहतास और कैमूर जिले का दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है।
सासाराम रेलफैन एसोसिएशन के सदस्य श्याम सुंदर पासवान, काशिफ कमाल, जय प्रकाश नारायण, ऋतुराज हर्ष, शुभम पांडेय, प्रेम शंकर, शिवम सिंह, प्रिंस सिंह आदि ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।
सासाराम-गया-डीडीयू के रास्ते कोयंबटूर के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग पिछले कुछ वर्षों से की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।
दक्षिण भारत के लिए सीधी कनेक्टिविटी
सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दक्षिण भारत के लिए यह सीधी रेल कनेक्टिविटी क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगी।
ट्रेन के परिचालन से आम यात्रियों के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए दक्षिण भारत जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों और इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
सासाराम रेलफैन एसोसिएशन ने क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की इस महत्वपूर्ण पहल के लिए रेल मंत्रालय और भारतीय रेलवे के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- सासाराम, डेहरी और भभुआ रोड से दक्षिण भारत की सीधी ट्रेन, आज से दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
