मुखिया की हत्या के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार, एक महीने पहले हुई थी वारदात
डालमियानगर थाना क्षेत्र के न्यू सिधौली में एक माह पूर्व गोली मारकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपित चंद्रप्रकाश पांडेय को मंगलवार को डालमियानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई है।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास) : डालमियानगर थाना क्षेत्र के न्यू सिधौली में एक माह पूर्व गोली मारकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपित चंद्रप्रकाश पांडेय को मंगलवार को डालमियानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई है। एसपी आशीष भारती ने पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी। बताया कि डालमियानगर थाना क्षेत्र के न्यू सिधौली में 26 जुलाई को बाइक सवार अपराधियों ने नासरीगंज के पवनी पंचायत के मुखिया विजय भगवान तिवारी को गोली मार दी थी। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। बताया कि इस कांड के उद्भेदन के लिए डालमियानगर ओपी प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। जांच के क्रम में ज्ञात हुआ कि अपराधियों द्वारा रेकी कर घटना को अंजाम दिया गया है। एसपी ने बताया कि इस घटना में शामिल आरोपितों को गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही थी। इसी क्रम में घटना में शामिल होने वाले एक अपराधी के डालमियानगर में होने की सूचना मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित चंद्र प्रकाश पांडेय उर्फ प्रकाश पांडेय नासरीगंज थाना क्षेत्र के हाउडीह का निवासी है।इसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया गया है । इसी मोबाइल से वह मुखिया का लोकेशन लिया था ।बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई है। इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पत्रकार वार्ता में एसपी के अलावा एएसपी नवजोत सिमी भी मौजूद थीं।