महिलाओं ने पुलिस टीम पर मिर्च-मसाला से किया हमला, कई पुलिसकर्मी घायल
शराब कारोबारी को छुड़ाने के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अचानक घर की महिलाओं ने मिर्च मसाला झोंक दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। थाना क्षेत्र के दुदही गांव में गुरुवार देर रात एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान कारोबारी को छुड़ाने के लिए घर की महिलाओं ने पुलिस की आंखों में मिर्च पाउडर झोंकना शुरू कर दिया। इससे पुलिसकर्मी आंशिक रूप से जख्मी हो गए।
हालांकि, पुलिस ने शराब कारोबारी शिव सहनी समेत हमले के आरोपित उपमुखिया मन्नू सहनी की पत्नी सह वार्ड 15 की सदस्य सरिता देवी, पूजा कुमारी व किरण देवी को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन पहले मठलोहियार के महेंद्र यादव को कच्ची स्प्रिट के 17 पाउच के साथ गिरफ्तार गया था। उसने पुलिस को बताया कि दुदही निवासी शिव सहनी से शराब का पाउच लाकर बेचता था।
इसके बाद एएसआइ परमानंद मंडल, शिव साह, महिला पुलिस व चौकीदार को साथ छापेमारी करने गए थे। पुलिस गिरफ्तार कारोबारी को लेकर लौट रही थी।
इसी दौरान आरोपितों ने गाड़ी रोककर मिर्च पाउडर झोंककर कारोबारी को छुड़ाना चाहा। लेकिन, कामयाबी नहीं मिली। गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।