महादलित टोला में लगी शाम की पाठशाला
पूर्णिया। बिहार पुलिस सप्ताह के तीसरे दिन जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल और थाना स्तर तक महादलित
पूर्णिया। बिहार पुलिस सप्ताह के तीसरे दिन जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल और थाना स्तर तक महादलित टोला और कुष्ठ कॉलोनी में शाम की पाठशाला का आयोजन किया गया। आयोजित किए गए कार्यक्रम में लोगों को नशा मुक्ति, बाल विवाह रोक थाम एवं दहेज उन्मूलन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध जैसे मामलों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजित की गई शाम की पाठशाला कार्यक्रम में महिलाओं की भीड़ अधिक देखने को मिली। पुलिस पदाधिकारियों ने लोगो को न सिर्फ इन कुरीतियों को लेकर विस्तार से बताया बल्कि लोगों से इनके खिलाफ आवाज बुलंद करने को भी कहा। सदर थाना में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरुक किया गया। सदर थानाध्यक्ष जीतेंद्र राणा के साथ सदर थाना पुलिस ने कालीबाड़ी चौक, जीरोमाइल, कटिहार मोड़, खुश्कीबाग, रामबाग आदी जगहों पर वाहन चालकों के बीच हैंडबील बाटा और जगह-जगह बैनर लगा कर वाहन चालको को सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन कर सड़क पर निकलने की अपील की। वहीं केहाट थाना द्वारा रेलवे स्टेशन पूर्णिया के पश्चिमी हिस्से में कुष्ठ कॉलोनी में जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान केहाट थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने लोगों को इन कुरीतियों के खिलाफ जागरुक होकर लड़ने की अपील की। वहीं धमदाहा, मीरगंज, भवानीपुर, रुपौली, टीकापट्टी, बड़हरा, रघुवंशनगर, अकबरपुर, मोहनपुर ओपी, बलिया ओपी, सदर थाना, सहायक खजाची थाना, जलाल गढ़, श्रीनगर ओपी, चमपानगर ओपी, कसबा थाना, के नगर थाना, मधुबनी टीओपी, मुफ्फसिल थाना, मरंगा थाना, बायसी थाना, डगरूआ थाना, अमौर थाना, रौटा थाना, अन गढ़ थाना, बनमनखी थाना, जानकी नगर थाना और सरसी थाना क्षेत्रों में भी विभिन्न जगहों पर लोगों को जागरुक किया गया।
-----------------
यातायात पुलिस ने चलाया जागरुकता अभियान
पुलिस सप्ताह के तीसरे दिन यातायात पुलिस द्वारा जीरोमाइल और कटिहार मोड़ पर लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया। यातायात डीएसपी सत्येंद्र कुमार सिंह के साथ यातायात प्रभारी राजेश कुमार और यातायात पुलिस द्वारा लोगों को कैसे सड़क पर सफर के समय सुरक्षित होकर यात्रा करना चाहिए इसकी जानकारी दी गई। साथ ही लोगों के बीच यातायात नियमों का बना एक हैंडबिल भी दिया गया। यातायात डीएसपी ने बताया कि पुलिस सप्ताह के तहत जुर्माना के बदले लोगों को जागरुक कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। सप्ताह समाप्त होने के बाद यातायात नियमों को तोड़ते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई कर जुर्माना वसूल किया जाएगा। वही आरएन साह चौक पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।