विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शबाना आजमी की रील्स क्यों आई चर्चा में, इंटरनेट पर लोग पूछ रहे- कौन? पूर्णिया पुलिस केंद्र में रहने का मिला आदेश

Published: Thu, 23 Apr 2026 03:56 PM (IST)

पूर्णिया महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी को पुलिस वर्दी में रील्स बनाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी स्वीटी सहरावत ने यह कार्रवाई की और विभागीय जांच भी शुरू की गई है।

HighLights

  1. पूर्णिया महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी निलंबित।

  2. पुलिस वर्दी में रील्स बनाने का आरोप।

  3. विभागीय जांच शुरू, पुलिस केंद्र में रहने का आदेश।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने को लेकर पूर्णिया महिला थाना की प्रभारी शबाना आजमी अचानक चर्चा में आ गई हैं। पुलिस वर्दी में बनाए गए उनके वीडियो व रील वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई है, जिसके बाद लोग इंटरनेट पर पूछ रहे हैं—आखिर शबाना आजमी कौन हैं?

रील्स बनाने पर हुई कार्रवाई

रील बनाने के मामले में पूर्णिया महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी को निलंबित कर दिया गया है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी स्वीटी सहरावत ने यह कार्रवाई की। उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस केंद्र में रहने का आदेश

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र पूर्णिया निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अनुशासनहीनता के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

वर्दी में वीडियो बनाने का आरोप

शबाना आजमी पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस वर्दी में कई रील्स, वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए। ये कंटेंट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद विभाग हरकत में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए।

प्रोफाइल : चर्चित रही हैं शबाना आजमी

शबाना आजमी बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और पूर्णिया महिला थाना की प्रभारी के रूप में तैनात थीं। अपने कार्यकाल के दौरान वे सोशल मीडिया पर सक्रियता को लेकर पहले भी चर्चा में रही हैं। वर्दी में वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के कारण उनकी कार्यशैली को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, वे आम लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश में सोशल मीडिया का उपयोग कर रही थीं, लेकिन विभागीय नियमों के तहत यह आचरण अनुचित माना गया।

मुख्यालय की सूची के बाद कार्रवाई

दरअसल, बिहार पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में सोशल मीडिया पर सक्रिय 50 पुलिसकर्मियों की सूची जारी की थी। इसमें पूर्णिया की एक महिला सब-इंस्पेक्टर और एक महिला सिपाही के सोशल मीडिया लिंक शामिल थे। जांच में पुष्टि हुई कि इनमें शबाना आजमी और महिला गृहरक्षक पुतुल कुमारी शामिल हैं। मुख्यालय ने संबंधित जिलों के एसपी को एसओपी के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

Purnea Police Officer Shabana Azmi Suspended for Uniform Reels2

पहले भी मिल चुकी थी चेतावनी

बताया जाता है कि शबाना आजमी को पहले भी सोशल मीडिया पर गतिविधियों को लेकर चेतावनी दी जा चुकी थी। फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी में पदस्थापना के दौरान उन्होंने अपने स्वजन को प्रभारी की कुर्सी पर बैठाकर तस्वीर साझा की थी, जिस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था। तब उन्होंने लिखित रूप से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके, उन्होंने दोबारा वर्दी में वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

नियमों का उल्लंघन माना गया

बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सरकारी सेवकों द्वारा सोशल मीडिया पर विभागीय नीतियों या गतिविधियों से जुड़ी सामग्री साझा करना आचार संहिता के खिलाफ है। बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976 और हालिया संशोधन 2026 में भी इसे स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित किया गया है।

ड्यूटी के दौरान मोबाइल का अनावश्यक उपयोग और सोशल मीडिया पर सक्रियता को अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया है। इससे पुलिस की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

अनुशासनहीनता पर सख्त रुख

एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि पुलिस संगठन अनुशासन पर आधारित है और किसी भी तरह की मनमानी या आदेश उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने माना कि शबाना आजमी का आचरण कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता को दर्शाता है। फिलहाल इस मामले में आगे विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

रील बनाने के मामले में महिला थाना अध्यक्ष शबाना आजमी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके पूर्व भी रील बनाने के मामले में उनसे स्पष्टीकरण पूछा गया था। लेकिन उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं आने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गयी है।

-

स्वीटी सहरावत, एसपी, पूर्णिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।