खुशगवार मौसम के बीच होगा गणतंत्र दिवस का झंडोत्तोलन
दो दिन खिली धूप के बाद एक बार फिर मौसम ने अपना रूख बदल लिया। रविवार को दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए और लोग एक बार फिर घरों में कैद होने के विवश हो गए।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। दो दिन खिली धूप के बाद एक बार फिर मौसम ने अपना रूख बदल लिया। रविवार को दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए और लोग एक बार फिर घरों में कैद होने के विवश हो गए। छाए बादल के बीच हल्की बूंदाबांदी ने एक बार फिर मौसम सर्द बना दिया। बदले मौसम की वजह से रविवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरवट हो गई। पूर्णिया मौसम केंद्र द्वारा रविवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि सोमवार को सुबह में कुहासा रहेगा तथा दिन में बादल छाया रहेगा। दोपहर बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है। वहीं गणतंत्र दिवस पर साफ मौसम के बीच झंडोत्तोलन हो सकेगा।
वायुमंडल के घटे दवाब के कारण से रविवार दिन भर आसमान में बादल छाए रहे।
रविवार को आसमान में छाए बादल और तेज पछुआ हवा की वजह से ठंड में वृद्धि हो गई। बदले मौसम में 0.5 मिमी की बारिश भी हुई। रविवार को अचानक बदले मौसम के मिजाज के कारण ठंड और कनकनी का असर और ज्यादा बढ़ गया है। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। जिस कारण से ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में एक बार फिर से तापमान में गिरावट की आशंका जताई है। वायुमंडल के दवाब में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है तथा इलाके में बादलों का संघनन हुआ। उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात से आसमान में बादल छाए रहने के कारण से न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला। सुबह के समय में एक बार फिर से घना कुहासा देखने को मिला। सुबह के समय में 5.30 बजे विजिविलिटी 300 मीटर रहा। हालांकि 8.30 बजे विजिविलिटी 1000 मीटर के करीब पहुंच गया। बताया कि अगले 48 घंटे में मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। सोमवार को भी दिन के समय में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय में कुहासे का असर देखने को मिलेगा। हवा चलने के कारण से न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। लेकिन 26 जनवरी से मौसम सा़फ हो जाएगा।