'आपके व्हाट्सएप पर लिंक भेजा है'... युवक ने बिहार की महिला को किया कॉल, टच करते ही बैंक खाते से उड़ गए ₹1 लाख
Purnia Cyber Fraud Case: पूर्णिया में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई, जहां व्हाट्सएप पर संदिग्ध लिंक क्लिक ...और पढ़ें

Purnia Cyber Fraud Case: पूर्णिया में साइबर ठगी का नया पैंतरा! महिला को कॉल कर भेजा संदिग्ध लिंक
HighLights
पूर्णिया की महिला व्हाट्सएप लिंक से 98 हजार गंवा बैठी।
अज्ञात नंबर से कॉल कर भेजा गया था संदिग्ध लिंक।
साइबर थाने में शिकायत दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Purnia Cyber Fraud Case: सीमांचल में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब शातिर ठग लोगों को फोन कॉल और सोशल मीडिया मैसेज के जरिए झांसे में लेकर उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा मामला पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 8 से सामने आया है।
जहां एक महिला को व्हाट्सएप पर संदिग्ध लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से दो बार में कुल 98,000 रुपये उड़ा लिए गए। ठगी की शिकार पीड़िता ने साइबर थाना, पूर्णिया में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और गबन की गई राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
कॉल के बाद व्हाट्सएप पर भेजा लिंक
पीड़िता की पहचान मरंगा वार्ड संख्या 8 निवासी दिनेश यादव की पत्नी सलिता देवी के रूप में की गई है। दिए गए आवेदन के अनुसार, यह वारदात 20 अक्टूबर 2026 को घटी। पीड़िता के मोबाइल पर अज्ञात नंबर (9296930526) से कॉल आया। कॉलर ने बातों में उलझाकर उन्हें विश्वास में लिया और उसी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा।
खाते से उड़ गए ₹98 हजार
पीड़िता जैसे ही शातिर ठग के झांसे में आईं और लिंक पर प्रक्रिया पूरी की, उनके बैंक खाते में अनाधिकृत सेंध लग गई। ठगों ने उनके खाते से दो किस्तों में अवैध निकासी की। पहली बार में 80,000 रुपये और उसके तुरंत बाद दूसरी बार में 18,000 रुपये काट लिए गए। मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज देखकर पीड़िता के होश उड़ गए।
1930 पर तुरंत दर्ज कराई शिकायत
अवैध निकासी की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पीड़िता ने साइबर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
साइबर थानाध्यक्ष को सौंपे गए आवेदन में पीड़िता ने संदिग्ध मोबाइल नंबर 9296930526, व्हाट्सएप चैट व लिंक, जिस खाते में राशि ट्रांसफर हुई है उस बैंक खाते और दोनों वित्तीय लेनदेनों की गहन तकनीकी जांच की मांग की है।
तकनीकी जांच की मांग
पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि ठगी गई राशि को संबंधित बैंक में तुरंत होल्ड कराकर वापस दिलाया जाए। आवेदन के साथ पहचान पत्र की छायाप्रति, बैंक स्टेटमेंट, लेनदेन के स्क्रीनशॉट, 1930 पर दर्ज शिकायत की रसीद और व्हाट्सएप चैट के दस्तावेज साक्ष्य के तौर पर संलग्न किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
