विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया सड़क हादसा: टायर फटा और स्कॉर्पियो से जा टकराई कार, एयरबैग और सीट बेल्ट से बची जान

Published: Wed, 09 Sep 2026 12:58 PM (IST)

पूर्णिया में एनएच 131ए पर दीवानगंज ओवरब्रिज के पास एक कार का टायर फटने से वह स्कॉर्पियो से टकरा गई। ...और पढ़ें

डिवाइडर से टकराई कार। फोटो जागरण

डिवाइडर से टकराई कार। फोटो जागरण

HighLights

  1. पूर्णिया में एनएच 131ए पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई।

  2. कार का टायर फटने से स्कॉर्पियो से टक्कर हुई।

  3. सीटबेल्ट और एयरबैग से यात्रियों की जान बची।

संवाद सहयोगी, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 131ए (पूर्णिया-कटिहार मुख्य मार्ग) पर दीवानगंज ओवरब्रिज के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी।

पूर्णिया से कटिहार की ओर जा रही विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी का बोर्ड लगी एक तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फटने (ब्लास्ट होने) से वाहन अनियंत्रित हो गया।

डिवाइडर से टकराने के बाद कार ने आगे चल रही मरीज सवार स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज के डिवाइडर से जा टकराई, वहीं चिकित्सक की कार घिसटते हुए लगभग 100 मीटर दूर जाकर रुकी।

स्कॉर्पियो में एक मरीज सवार थे, जिन्हें इलाज के लिए कटिहार ले जाया जा रहा था। राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों में सवार लोगों ने सीट बेल्ट पहन रखी थी।

दुर्घटना के वक्त एयरबैग समय पर खुल जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी सवारों को केवल हल्की-फुल्की चोटें आईं।

घटना की सूचना तुरंत एनएचएआई के हेल्पलाइन नंबर 1033 पर दी गई। सूचना मिलते ही एनएचएआई के कर्मी और एम्बुलेंस टीम स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मौके पर पहुंची।

एम्बुलेंस द्वारा सभी चोटिल यात्रियों को तत्काल प्राथमिक इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। वहीं मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार के 2 सड़क हादसे दे रहे सबक, हाइवे पर कार चलाते वक्त इन बातों का रखें ख्याल