विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया में नशे के कारोबार पर बड़ा एक्शन! 7170 नशीली टैबलेट-सिरप और शराब जब्त, पिता-पुत्र समेत 5 गिरफ्तार

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:49 AM (IST)

पूर्णिया में मद्यनिषेध विभाग ने अवैध शराब और नशीली दवाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। छापेमारी में भारी मात्रा में ...और पढ़ें

पूर्णिया में मद्यनिषेध विभाग और पुलिस द्वारा छापेमारी के दौरान जब्त की गई नशीली दवाइयां।

 पूर्णिया में मद्यनिषेध विभाग और पुलिस द्वारा छापेमारी के दौरान जब्त की गई नशीली दवाइयां।

HighLights

  1. मद्यनिषेध विभाग ने पूर्णिया में विशेष अभियान चलाया।

  2. 27.6 लीटर कफ सिरप, 7170 नशीली गोलियां जब्त।

  3. पिता-पुत्र सहित कुल पांच अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।

संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया जिले में अवैध शराब और नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ मद्यनिषेध विभाग ने व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान भारी मात्रा में कोडिनयुक्त कफ सिरप, नशीली टैबलेट्स, देशी व विदेशी शराब बरामद की गई है।

इस दौरान पुलिस व मद्यनिषेध टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। मद्यनिषेध विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

जलालगढ़ में औषधि निरीक्षक की छापेमारी, पिता-पुत्र समेत 5 धरे गए

विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रविवार को जलालगढ़ थाना क्षेत्र के कुंहरवा (वार्ड संख्या 5) में एक संदिग्ध ठिकाने पर निरीक्षक सोनू कुमार, औषधि निरीक्षक सिंह नादकर नारायण सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक राजेश्वर राम की संयुक्त टीम ने दविश दी।

  • जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर पूर्णिया मद्यनिषेध विभाग का विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान

  • कार्रवाई में 27.600 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप, 7170 नशीली गोलियां, 5 लीटर देशी और 0.375 लीटर विदेशी शराब जब्त

  • जलालगढ़ के कुंहरवा में अवैध दवा भंडारण पर शिकंजा; कागजात न दिखाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत पिता-पुत्र गिरफ्तार

  • अमौर, बड़हरा कोठी और दालकोला चेकपोस्ट से 3 अन्य अभियुक्त गिरफ्तार; विभाग ने नागरिकों से गुप्त सूचना देने की अपील की

मौके से भारी मात्रा में दवाइयां बरामद की गईं, जिसके संबंध में उपस्थित लोग कोई भी वैध लाइसेंस या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद 27.600 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप और 7,170 नशीली टैबलेट्स को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट 1985 के तहत जब्त कर मौके से पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जलालगढ़ थाने के सुपुर्द कर दिया गया।

अमौर, बड़हरा कोठी और दालकोला चेकपोस्ट पर भी गिरी गाज

इसके अतिरिक्त, अमौर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर हाट में की गई कार्रवाई के दौरान 0.700 लीटर कोडिनयुक्त सिरप के साथ एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। वहीं, बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के जयनगर साह टोला से 5 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद कर एक व्यक्ति को दबोचा गया।

उधर, बंगाल सीमा से सटे दालकोला चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान 0.375 लीटर विदेशी शराब के साथ एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में मिठाई दुकानों पर फूड सेफ्टी का एक्शन! तीन दुकानें सील, संदिग्ध मलाई मिली तो दुकानदारों में हड़कंप