पूर्णिया में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा भारी! सितंबर में 16 हजार से ज्यादा वाहनों का चालान, 1.85 करोड़ जुर्माना वसूला
Purnia Police Traffic Fine: पूर्णिया पुलिस ने सितंबर महीने में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 16,229 वाहनों से 1.85 करोड़ का भारी जुर्माना वसूला है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
सितंबर में 16,229 वाहनों से ₹1.85 करोड़ जुर्माना वसूला गया।
बिना हेलमेट और इंश्योरेंस पर सर्वाधिक कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का मुख्य उद्देश्य।
संवाददाता, पूर्णिया। Purnia Police Traffic Fine: पूर्णिया जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है।
सितंबर महीने में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 16,229 वाहनों से एक करोड़ 85 लाख 68 हजार 500 रुपये का चालान वसूला है। इस दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वालों पर की गई।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि इस चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़कों को सुरक्षित बनाना है।
बिना हेलमेट और इंश्योरेंस वाले चालकों पर गिरी सबसे बड़ी गाज
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हेलमेट न पहनने वाले 7,721 बाइक चालकों से 77 लाख 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, बिना वैध इंश्योरेंस के सड़क पर दौड़ रहे 2,465 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 49 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पूर्णिया जिला पुलिस ने वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर सितंबर माह में चलाया सघन वाहन चेकिंग अभियान
सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 16,229 वाहनों से वसूला गया 1,85,68,500 (एक करोड़ 85 लाख से अधिक) का जुर्माना
बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 7,721 चालकों से सर्वाधिक 77.21 लाख और बिना इंश्योरेंस वाले 2,465 वाहनों से 49.30 लाख की वसूली
नो पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, बिना लाइसेंस, ट्रिपल राइडिंग और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल इस्तेमाल पर भी पुलिस ने कसा शिकंजा
इसके अलावा, शहरों में जाम की समस्या पैदा करने वाली नो-पार्किंग में खड़े 2,432 वाहनों से 9 लाख 12 हजार 500 रुपये और ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) करने वाले 437 बाइक चालकों से 4 लाख 37 हजार रुपये की वसूली की गई।
ओवरस्पीडिंग और मोबाइल पर बात करने वालों पर भी कसा शिकंजा
तेज गति (ओवरस्पीडिंग) से वाहन चलाने वाले 161 चालकों से 3 लाख 60 हजार रुपये और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 39 चालकों से 1 लाख 95 हजार रुपये का जुर्माना लिया गया।
बिना सीट बेल्ट के 62 चालकों पर 62 हजार रुपये, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 41 चालकों पर 20 हजार 500 रुपये, बिना नंबर प्लेट वाले 34 वाहनों पर 18 हजार रुपये तथा शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने वाले 2 वाहनों पर 1,000 रुपये का चालान काटा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
