विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया में 20 लाख के स्मैक के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, नशे के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट

Published: Tue, 13 Oct 2026 04:10 PM (IST)

पूर्णिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य का स्मैक बरामद कर एक दंपती को गिरफ्तार ...और पढ़ें

20 लाख के स्मैक के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, सीमांचल में फैला था नशे का नेटवर्क

20 लाख के स्मैक के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, सीमांचल में फैला था नशे का नेटवर्क

HighLights

  1. पूर्णिया पुलिस ने 20 लाख रुपये का स्मैक जब्त किया।

  2. बड़हरा कोठी से पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया।

  3. सीमांचल में फैले नशे के नेटवर्क की जांच जारी है।

संवाद सूत्र, धमदाहा (पूर्णिया)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20.10 लाख रुपये मूल्य का स्मैक (ब्राउन शुगर) बरामद किया है। बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के लतराहा गांव में छापामारी कर पुलिस ने एक दंपती को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लतराहा गांव के वार्ड संख्या-04 निवासी गुड्डू यादव उर्फ मुकेश कुमार और उसकी पत्नी कंचन कुमारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पर घर से ही मादक पदार्थों की अवैध बिक्री करने का आरोप है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लतराहा गांव में एक घर से स्मैक और ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री की जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, धमदाहा अजित प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम में दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी बड़हरा कोठी मोहन कुमार शर्मा, स्थानीय थानाध्यक्ष, जिला आसूचना इकाई के अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

104.53 ग्राम स्मैक बरामद

गठित टीम ने चिह्नित ठिकाने पर विधिवत छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने गुड्डू यादव और उसकी पत्नी कंचन कुमारी को गिरफ्तार किया।

तलाशी के क्रम में करीब 104.53 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20.10 लाख रुपये बताई है।

नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मामले में सीमांचल क्षेत्र में मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े संभावित सहयोगियों तथा सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए जाते थे और किन-किन इलाकों में उनकी आपूर्ति की जाती थी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। डीएसपी अजित प्रताप सिंह चौहान ने बताया की नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में 25 लाख के नशे का खेल बेनकाब! 12 हजार कफ सिरप बोतलें जब्त, अररिया के दो तस्कर गिरफ्तार