विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया में 25 लाख के नशे का खेल बेनकाब! 12 हजार कफ सिरप बोतलें जब्त, अररिया के दो तस्कर गिरफ्तार

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:14 AM (IST)

पूर्णिया के जलालगढ़ में पुलिस ने 25 लाख रुपये मूल्य का 1200 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप जब्त किया है। इस ...और पढ़ें

जलालगढ़ में जप्त 25 लाख रुपये मूल्य का कोडिनयुक्त कफ सिरप और पुलिस गिरफ्त में खड़े दोनों तस्कर

जलालगढ़ में जप्त 25 लाख रुपये मूल्य का कोडिनयुक्त कफ सिरप और पुलिस गिरफ्त में खड़े दोनों तस्कर

HighLights

  1. जलालगढ़ पुलिस ने 25 लाख का कोडिनयुक्त कफ सिरप पकड़ा।

  2. बिना नंबर प्लेट पिकअप से 1200 लीटर सिरप बरामद हुआ।

  3. अररिया के दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

संवाद सूत्र, जलालगढ़ (पूर्णिया)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जलालगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट वाले एक सफेद रंग के पिकअप वाहन से लगभग 25 लाख रुपये बाजार मूल्य का 1200 लीटर प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार कर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में पूर्णिया जेल भेज दिया है।

  • पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मिश्रीनगर चौक के पास पुलिस ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान

  • बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार पिकअप वैन से 100 एमएल की 12 हजार बोतलें (1200 लीटर) कोडिनयुक्त कफ सिरप जब्त

  • मौके से अररिया निवासी दो तस्कर मो. साकिर और दिलखुश नवाज गिरफ्तार; पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में

  • सदर एसडीपीओ 2 डॉ. गौरव कुमार के अनुसार, पूर्णिया की दवा दुकानों-गोदामों से जुड़े सिंडिकेट की जांच जारी

सदर एसडीपीओ 2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि सोमवार की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिश्रीनगर चौक के समीप दंडाधिकारी सह बीडीओ विकास कुमार की मौजूदगी में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई थी।

12 हजार बोतलें जब्त, अररिया के रहने वाले निकले गिरफ्तार दोनों धंधेबाज

वाहन जांच के दौरान तेज गति से आ रही एक संदिग्ध सफेद पिकअप वैन को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 100 एमएल की करीब 12 हजार बोतलें (कुल 1200 लीटर) कोडिनयुक्त सिरप बरामद की गईं।

पुलिस ने मौके से ही अररिया जिले के बनगामा खैरुगंज निवासी मो. साकिर को दबोच लिया। उससे हुई कड़ाई से पूछताछ के आधार पर तस्करी में शामिल दूसरे सहयोगी अररिया आरएस थाना क्षेत्र के चंद्रदेई निवासी दिलखुश नवाज को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े बताए जाते हैं।

पूर्णिया की मेडिकल दुकानों व गोदामों पर नजर, सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस

एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस अब इस पूरे रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि कफ सिरप की इस विशाल खेप को अररिया जिले के चंद्रदेई व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खपाया जाना था।

कफ सिरप के मुख्य स्रोत तक पहुंचने के लिए पूर्णिया जिले की कई संदिग्ध दवा दुकानों और उनके मेडिकल गोदामों को चिन्हित किया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवा की आपूर्ति किस एजेंसी से की गई थी। छापेमारी टीम में जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार, अपर थानाध्यक्ष शिवम कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।