पटना में पलेगी दत्तक ग्रहण संस्थान की बेटी पलक
पूर्णिया: पूर्णिया के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान की बेटी पलक अब पटना में पलेगी। चौदह माह की ब
पूर्णिया: पूर्णिया के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान की बेटी पलक अब पटना में पलेगी। चौदह माह की बेटी को पटना के प्रगति विहार कॉलोनी जगनपुरा निवासी दंपति मनोरंजन कुमार और सागर रानी ने गोद लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को उसे गोद दिया गया। इस मौके पर बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक अमितेश मिश्रा, डॉ. मधु कुमारी, प्रियंका कुमारी, असगर अली सहित अन्य लोग मौजूद थे। गोद लेने वाले दंपति मनोरंजन कुमार व्यवसायी और सागर रानी वकालत के पेशे से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से संतान प्राप्ति नहीं होने से घर सूना पड़ा रहता था। डॉक्टर वैध का चक्कर लगाने के बाद बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया में जुटे और डेढ़ वर्ष पूर्व कारा दत्तक ग्रहण के तहत रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद से कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई और आज उन्हें बेटी गोद मिली है। वे उसका बेहतरीन परवरिश कर रूचि के अनुसार आगे बढ़ाएंगे।
बताते चलें कि दंपति द्वारा गोद ली गई पलक का जन्म 3 जनवरी 2018 को हुआ था। अररिया से 22 नवंबर 2018 को स्थानांतरित कर पूर्णिया भेजा गया था। अप्रैल 2018 से भट्ठा बाजार में संचालित संस्थान से यह पांचवा बच्चा अंतरजिला और अंतरराज्यीय स्तर पर गोद दिया गया है। यहां से तीन बेटा और दो बेटी को अब तक गोद दी गई है।