पटना-पूर्णिया का सफर होगा आसान, सांसद पप्पू यादव ने रेल मंत्री से मिलकर सीधी रेल लाइन और वंदे भारत की मांग
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कोसी-सीमांचल क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की।

नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपते पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव।
HighLights
पटना-पूर्णिया सीधी नई रेल लाइन बिछाने की मांग।
पूर्णिया कोर्ट में रखरखाव डिपो बनाने का प्रस्ताव।
सियालदह के लिए नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की सिफारिश।
संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कोसी-सीमांचल क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
सांसद ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को रेखांकित करते हुए पटना-पूर्णिया के बीच सीधी नई रेल लाइन बिछाने, पूर्णिया कोर्ट में रखरखाव डिपो बनाने और सियालदह के लिए नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का ज्ञापन सौंपा।
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि पूर्णिया सीमांचल का प्रमुख व्यापारिक, शैक्षणिक व चिकित्सीय केंद्र है, जो कटिहार, अररिया, किशनगंज और कोसी क्षेत्र के जिलों को जोड़ता है। इसके बावजूद राजधानी पटना के लिए कोई सीधा रेल मार्ग उपलब्ध नहीं है।
यात्रियों को मोकामा, बरौनी, खगड़िया या सहरसा होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने पटना-पूर्णिया सीधी रेल लाइन के सर्वेक्षण व निर्माण की तत्काल स्वीकृति मांगी।
पूर्णिया कोर्ट में वाशिंग पिट और सियालदह वंदे भारत का प्रस्ताव
पप्पू यादव ने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के रखरखाव के लिए वाशिंग पिट, पिट लाइन और कोचिंग डिपो के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहाँ यह डिपो बनने से नई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन की राह आसान होगी।
इसके साथ ही उन्होंने सहरसा से मधेपुरा, मुरलीगंज, बनमनखी, पूर्णिया कोर्ट और कटिहार होते हुए सियालदह (कोलकाता) तक नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि व्यापार, इलाज और पढ़ाई के लिए बड़ी संख्या में लोग कोलकाता जाते हैं, जिससे इस ट्रेन का लाभ पूरे सीमांचल को मिलेगा।
पुरानी रेल परियोजनाओं और स्टेशन आधुनिकीकरण पर जोर
सांसद ने जलालगढ़-किशनगंज नई रेल लाइन परियोजना में भूमि अधिग्रहण, वित्तीय स्वीकृति और निर्माण की समय-सीमा स्पष्ट करने का आग्रह किया। इसके अलावा कुर्सेला-चौसा-पुरैनी-उदाकिशुनगंज-मधेपुरा-पिपरा-वीरपुर नए रेल कॉरिडोर को गति देने की मांग की।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बनमनखी, काढ़ागोला रोड और मधेपुरा स्टेशनों पर हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने और पूर्णिया कोर्ट एवं पूर्णिया जंक्शन को भी इस योजना में शामिल करने का आग्रह किया।
जनहित, कोसी व वंदे भारत के ठहराव की मांग
क्षेत्रीय यात्रियों की सहूलियत के लिए सांसद ने जानकीनगर स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस (13205/13206) या कोसी एक्सप्रेस (18697/18698) का ठहराव देने तथा मुरलीगंज स्टेशन पर पटना-पूर्णिया वंदे भारत एक्सप्रेस (26301/26302) का नियमित ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।
"कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोग बेहतर रेल कनेक्टिविटी के अभाव में परेशान हैं। पटना-पूर्णिया सीधी रेल लाइन और पूर्णिया कोर्ट में कोचिंग डिपो बनने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। रेल मंत्री जी ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।"
