स्टेट डेस्क: गला रेतकर युवती की हत्या, शव को सड़क किनारे फेंका
पूर्णिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी सनोली मुख्यमार्ग के खखरेली चौक के समीप सड़क किनारे फे
पूर्णिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी सनोली मुख्यमार्ग के खखरेली चौक के समीप सड़क किनारे फेंका हुआ एक युवती का शव बरामद हुआ। शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि गला रेतकर हत्या की गई है।
सोमवार की सुबह जब लोग टहलने निकले थे तो लोगों ने सड़क के किनारे युवती के शव को पड़े देखा। शव की जानकारी मिलते ही लोग देखने उमड़ पड़े। शव की पहचान रजीगंज पंचायत के मनसाराम टोला निवासी मु. बरजाहन की पुत्री शबीना खातून (28) के रूप में हुई। उसके हाथ में चाकू था। लोगों का कहना है कि हत्यारे ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चाकू मृतका के हाथ में छोड़ दिया। ग्रामीणों द्वारा इसकी जानकारी मुफस्सिल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष मदन कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी अनुसार शबीना (मृतका) गाव के मरीजों को लाइन बाजार ले जाकर डॉक्टर से दिखाने में मदद करती थी। इससे उसे कुछ रुपये मिल जाते थे। जिससे परिवार चलता था। परिजन ने बताया कि वह देर संध्या घर से निकली तो उन लोगों ने सोचा कि किसी रोगी को दिखाने जा रही होगी। देर रात तक जब वह वापस नहीं आई तो काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह ग्रामीणों ने बताया कि शबीना का शव खखरेली के पास सड़क के किनारे पड़ा है। कुछ लोगों ने उसे अपने भाई के साथ मोटर साइकिल पर देर सायं जाते हुए देखा था। सबीना चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। घर में मां-बाप का सहारा भी वही थी। घर में बड़ी होने के कारण उसने शादी नहीं कीथी। इस घटना से उसके माता-पिता काफी सदमे में है। उनकी मां रो-रोकर एक ही बात लोगों से पूछ रही थी कि आखिर मेरी बेटी ने किसका क्या बिगाड़ा था। अब हमलोगों का कौन सहारा बनेगा। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ तथ्य सामने आए हैं। जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा।