विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थाने से 200 मीटर दूर भू-माफिया का खेल, पूर्णिया में सरकारी जमीन पर पक्की दीवार खड़ी कर शुरू की बिक्री

Published: Thu, 15 Oct 2026 01:09 PM (GMT+05:30)

पूर्णिया के जलालगढ़ में थाने से मात्र 200 मीटर दूर सरकारी जमीन पर भू-माफिया द्वारा अवैध कब्जे और बिक्री का मामला सामने आया है।

पक्की दीवार खड़ी कर शुरू की खरीद-बिक्री

पक्की दीवार खड़ी कर शुरू की खरीद-बिक्री 

HighLights

  1. थाने से 200 मीटर दूर सरकारी जमीन पर कब्जा।

  2. भू-माफिया द्वारा जमीन पर पक्की सड़क, दीवार निर्माण।

  3. अंचल अधिकारी ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी, जलालगढ़ (पूर्णिया)। थाना से महज 200 मीटर दूर सरकारी जमीन पर कथित कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफियाओं ने प्रशासन की मिलीभगत से खाता संख्या 122 की जमीन पर अवैध रूप से घेराबंदी कर उसे निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। करोड़ों रुपये मूल्य की बताई जा रही इस भूमि पर जमीन की खरीद-बिक्री किए जाने का भी आरोप है। 

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह जमीन पहले से ही सरकारी उपयोग के लिए चिन्हित थी। इसके बावजूद वहां पक्की सड़क बनाई गई और दीवार खड़ी कर दी गई। 

मामले को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया

आरोप है कि पूरे मामले को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि प्रशासन को इसकी जानकारी समय रहते नहीं मिली या फिर मामले की अनदेखी की गई। मामला सामने आने के बाद जांच की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। 

ऐसे में स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि जांच केवल औपचारिकता बनकर तो नहीं रह जाएगी। राजस्व विभाग और जलालगढ़ थाना की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि जमीन सरकारी है, तो उसकी निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी किस विभाग की थी, यह स्पष्ट किए जाने की मांग की जा रही है। 

सड़क बनाए जाने को लेकर भी सवाल 

जमीन पर सड़क बनाए जाने को लेकर भी कई सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों ने पूछा है कि निर्माण किसके आदेश पर कराया गया और क्या इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी। 

उनका कहना है कि यदि यह जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए है, तो उस पर सड़क बनाने की अनुमति किसने दी और क्या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी थी। बिना अनुमति सड़क बनाए जाने की स्थिति में जांच कर भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग जिला पदाधिकारी से की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इससे भू-माफिया के नेटवर्क के प्रभावी होने का संकेत जाएगा। 

अंचल पदाधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि जमीन के मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह का मामला सामने आता है, तो भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और म्यूटेशन रद होगा।

यह भी पढ़ें- PM Awas Yojana में 'डबल फायदा' लेना पड़ा भारी, पूर्णिया में 18 परिवारों से होगी वसूली; 5 प्रखंडों में एक्शन