कोसी स्नातक में डॉ. एनके यादव की हैट्रिक या नितेश मारेंगे बाजी? पूर्णिया में काउंटिंग; PK के रजनीश व मनोज भी रेस में
Kosi Graduate MLC Election Counting: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना पूर्णिया में शुरू हो गई है। ...और पढ़ें

Kosi Graduate MLC Election Counting: इस सीट से चार प्रमुख उम्मीदवार हैं, कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं
HighLights
पूर्णिया में कोसी स्नातक चुनाव मतगणना आज सुबह से शुरू।
14 टेबल पर तीन चरणों में वोटों की गिनती जारी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, देर रात तक परिणाम संभावित।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Kosi Graduate MLC Election Counting: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे प्रत्याशियों और मतदाताओं का सस्पेंस आज खत्म होने जा रहा है। गत 23 अक्टूबर को 14 जिलों के प्रबुद्ध मतदाताओं द्वारा डाले गए मतों की गणना मंगलवार सुबह 8:00 बजे से पूर्णिया जिला स्कूल परिसर स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय भवन में शुरू होगी।
निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। देर रात तक अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है।
14 टेबल पर 3 चरणों में होगी वोटों की गिनती
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने बताया कि आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना कक्ष में कुल 14 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर और तीन गणन सहायकों की तैनाती की गई है।
बज्रगृह से मतपेटियां सख्त सुरक्षा और वीडियोग्राफी के साए में टेबल तक लाई जाएंगी। पहले चरण में सील जांच के बाद मतपत्रों का मिलान कर 50-50 के बंडल बनाए जाएंगे और वैध, अस्वीकृत व संदिग्ध मतपत्रों को अलग किया जाएगा। दूसरे चरण में सहायक निर्वाची पदाधिकारी की टेबल पर रिपोर्ट का सत्यापन होगा, जबकि तीसरे चरण में एकल संक्रमणीय मत पद्धति के नियमों के तहत वैध मतों का कोटा निर्धारण कर चक्रवार परिणाम तैयार व कंप्यूटरीकृत किए जाएंगे।
जिला स्कूल की ओर जाने वाली सड़कें सील, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बैन
मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला स्कूल की ओर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कें मंगलवार सुबह 5:00 बजे से मतगणना समाप्ति तक पूरी तरह सील कर दी गई हैं। आस्था मंदिर चौक और खीरू चौक से केवल अधिकृत पदाधिकारियों, कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों को ही प्रवेश की अनुमति है।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: 15 उम्मीदवार हैं यहां से
वर्तमान एमएलसी व भाजपा (एनडीए) प्रत्याशी: डॉ. एन.के. यादव (विगत 12 वर्षों से काबिज, तीसरी बार मैदान में)।
राजद प्रत्याशी: नीतेश कुमार यादव (निवासी: खगड़िया)।
कांग्रेस प्रत्याशी: मनोज कुमार जायसवाल (निवासी: फारबिसगंज, अररिया; वर्ष 1990 से पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ता)।
जन सुराज पार्टी (प्रशांत किशोर): डॉ. रजनीश।
अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग जिला स्कूल के क्रीड़ा मैदान में और अन्य वाहनों के लिए डीएसए ग्राउंड में व्यवस्था की गई है। मतगणना परिसर में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह रोक है। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। महिलाओं की तलाशी के लिए अलग महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। परिणाम घोषणा के बाद किसी भी प्रकार के विजय जुलूस या शक्ति प्रदर्शन पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
एसएससी परीक्षार्थियों के लिए अलग सुरक्षित कॉरिडोर
जिला स्कूल परिसर में 27 और 28 अक्टूबर को कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा भी आयोजित हो रही है। प्रशासन ने मतगणना और प्रतियोगी परीक्षा दोनों के सुचारु संचालन के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए अलग से सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है।
अभ्यर्थियों को उनके वैध एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के बाद मुख्य द्वार के निर्धारित ड्रॉप गेट से ही प्रवेश दिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है और मीडिया को समय पर सूचना देने के लिए जिला मीडिया सेंटर भी क्रियाशील रहेगा।
