विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोसी स्नातक चुनाव में दूसरे राउंड में भी भाजपा का दबदबा, डॉ. एनके यादव 678 वोटों से आगे, राजद के नितेश यादव पीछे

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:01 PM (IST)

Kosi Graduate Election Result: पूर्णिया में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना जारी है, जिसमें भाजपा के ...और पढ़ें

मतगणना कक्ष के बाहर राजनीतिक दल के लोग।

मतगणना कक्ष के बाहर राजनीतिक दल के लोग।

HighLights

  1. पूर्णिया में कोसी स्नातक चुनाव की मतगणना जारी।

  2. भाजपा के डॉ. एनके यादव 678 मतों से आगे।

  3. राजद के नितेश यादव दूसरे स्थान पर।

डिजिटल डेस्क, पूर्णिया/भागलपुर । Kosi Graduate Election Result: पूर्णिया जिला स्कूल परिसर में मंगलवार को कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय भवन के तीसरे तल पर मतों की गिनती की जा रही है।

शुरुआती दो राउंड के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. एनके यादव ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है और वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के नितेश यादव से 678 मतों से आगे चल रहे हैं।

पहले और दूसरे राउंड का मतवार विवरण

मतगणना के शुरुआती दो चरणों में विभिन्न प्रत्याशियों को मिले वोटों की स्थिति इस प्रकार रही:

  • पहला राउंड: भाजपा के डॉ. एनके यादव को 2,493 मत मिले, जबकि राजद के नितेश यादव को 1,769 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी 724 मतों से आगे रहे। वहीं, जनसुराज के रजनीश रंजन को 1,534 और कांग्रेस के मनोज जायसवाल को 204 मत मिले।

  • दूसरा राउंड: दूसरे चरण में डॉ. एनके यादव को 2,446 मत प्राप्त हुए, जबकि नितेश यादव को 1,768 मत मिले। इस राउंड में जनसुराज के रजनीश रंजन को 1,186 और कांग्रेस के मनोज जायसवाल को 396 मत प्राप्त हुए। दूसरे राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी की कुल बढ़त आंशिक रूप से घटकर 678 मत रह गई है।

  • Kosi Graduate Election BJP Dr. NK Yadav Leads by 678 Votes

    14 जिलों के मतदाताओं ने डाले थे वोट

    कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 14 जिलों के कुल 73,700 मतदाताओं ने गत 23 अक्टूबर को मतदान में हिस्सा लिया था। मतपत्रों की छंटनी और मिलान का कार्य पूरा होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

    इसके लिए कुल 14 टेबल लगाए गए हैं। इस चुनाव मैदान में कुल 15 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अभी कुल 12 राउंड की मतगणना शेष है, और सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही अंतिम व आधिकारिक परिणाम घोषित किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- कोसी स्नातक में डॉ. एनके यादव की हैट्रिक या नितेश मारेंगे बाजी? पूर्णिया में काउंटिंग; रेस में PK के रजनीश और मनोज