विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोसी स्नातक सीट के ल‍िए ब‍िहार के 14 जिलों में वोटिंग शुरू, BJP के डॉ एनके यादव को जन सुराज, कांग्रेस व राजद से टक्‍कर

Published: Fri, 23 Oct 2026 08:58 AM (IST)

Koshi Graduate MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 14 जिलों में मतदान ...और पढ़ें

Koshi Graduate MLC Election 2026: एनडीए, जन सुराज, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के बीच हो रहा है मुख्‍य मुकाबला।

Koshi Graduate MLC Election 2026: एनडीए, जन सुराज, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के बीच हो रहा है मुख्‍य मुकाबला।

HighLights

  1. कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 14 जिलों में मतदान।

  2. एनडीए, जन सुराज, कांग्रेस, राजद के बीच मुख्य मुकाबला।

  3. पूर्णिया में मतपेटियां लाई जाएंगी, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, पूर्ण‍िया। Koshi Graduate MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद अंतर्गत कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन क्षेत्र का नया प्रतिनिधि कौन होगा, इसका फैसला करने के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को 14 जिलों के 1,34,073 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलने वाले इस मतदान में कुल 15 उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला चार प्रमुख राजनीतिक शक्तियों—एनडीए, जन सुराज, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवारों के बीच बेहद कड़ा और चतुष्कोणीय रूप लेता नजर आ रहा है।

इन 4 प्रमुख चेहरों के बीच कड़ा मुकाबला, 15 प्रत्याशी मैदान में

चुनावी मैदान में 15 चेहरे जरूर डटे हैं, लेकिन राजनीतिक प्रेक्षकों और मतदाताओं का ध्यान मुख्य रूप से इन चार प्रत्याशियों पर केंद्रित है:

  1. डॉ. एनके यादव (एनडीए प्रत्याशी): एनडीए समर्थित उम्मीदवार डॉ. एनके यादव अपनी सीट बचाने और जीत का सिलसिला बरकरार रखने के लिए मैदान में हैं। संगठनात्मक मजबूती और पुराने संपर्कों के दम पर वे मजबूत स्थिति का दावा कर रहे हैं। डॉ. एनके यादव 12 साल से एमएलसी हैं। अगर उनकी जीत होती है तो यह उनका तीसरा टर्म होगा।

  • डॉ. रजनीश रंजन (जन सुराज प्रत्याशी): जन सुराज की ओर से चुनाव लड़ रहे डॉ. रजनीश रंजन ने व्यवस्था परिवर्तन, युवाओं के रोजगार और शिक्षकों के मुद्दों को उठाकर मुकाबले को कड़ा बना दिया है।

  • मनोज जायसवाल (कांग्रेस प्रत्याशी): कांग्रेस के मनोज जायसवाल विपक्षी एकजुटता और पारंपरिक बौद्धिक मतदाताओं के समर्थन के सहारे अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

  • नितेश कुमार यादव (राजद प्रत्याशी): राजद के युवा प्रत्याशी नितेश कुमार यादव स्नातक मतदाताओं के बीच सामाजिक समीकरण और बेरोजगारी के सवालों को लेकर सक्रिय हैं।

  • इसके अलावा 11 अन्य निर्दलीय व गैर-मान्यता प्राप्त दलों के प्रत्याशी भी विभिन्न जिलों में व्यक्तिगत पकड़ के दम पर मतों के बिखराव में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

    14 जिलों का भूगोल, भागलपुर में सबसे अधिक तो किशनगंज में सबसे कम वोटर

    कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का दायरा उत्तर व पूर्वी बिहार के चार प्रमंडलों में विस्तृत है। इसमें कोसी, पूर्णिया, भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के कुल 14 जिले शामिल हैं—खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और बांका।

    मतदाताओं की संख्या के लिहाज से भागलपुर जिला 24,514 स्नातकों और 26 बूथों के साथ सबसे बड़ा निर्णायक केंद्र है। इसके बाद पूर्णिया में 12,062, सहरसा में 11,498, कटिहार में 10,977 और बांका में 10,692 मतदाता हैं।

    वहीं, किशनगंज जिले में सबसे कम 3,554 मतदाता और 8 बूथ हैं। धमदाहा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीडीओ कार्यालय में बने केंद्र संख्या 69 पर कुल 969 मतदाता (788 पुरुष और 181 महिला) अपने वोट डालेंगे।

    कोसी स्नातक क्षेत्र: शामिल 14 जिले, मतदाता व मतदान केंद्र

    क्र. जिला मतदाताओं की संख्या मतदान केंद्रों की संख्या
    1 खगड़िया 9,470 11
    2 सहरसा 11,498 13
    3 मधेपुरा 9,678 14
    4 सुपौल 9,461 13
    5 अररिया 9,167 11
    6 किशनगंज 3,554 08
    7 पूर्णिया 12,062 17
    8 कटिहार 10,977 20
    9 भागलपुर 24,514 26
    10 मुंगेर 8,463 12
    11 लखीसराय 3,753 07
    12 शेखपुरा 4,329 07
    13 जमुई 6,455 11
    14 बांका 10,692 11
    कुल 14 जिले 1,34,073 118

    • मुख्य मुकाबला एनडीए के डॉ. एनके यादव, जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन, कांग्रेस के मनोज जायसवाल और राजद के नितेश कुमार यादव के बीच।

    • कोसी स्नातक क्षेत्र के अंतर्गत पूर्णिया, कोसी, भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के कुल 14 जिले शामिल हैं, जहां भागलपुर में सर्वाधिक और किशनगंज में सबसे कम मतदाता हैं।

    त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में चुनाव, पूर्णिया पहुंचेंगी सभी मतपेटियां

    निर्वाचन पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने बताया कि सभी 118 मतदान केंद्रों पर स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए गुरुवार को ही पोलिंग पार्टियों को आवश्यक सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया था।

    पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि मतदान के दौरान कड़ी पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान समाप्त होने के उपरांत सभी 14 जिलों से सीलबंद मतपेटियों को सुरक्षा के बीच पूर्णिया स्थित ब्रजगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) में पहुंचाया जाएगा, जहां मतगणना केंद्र पर केंद्रीय व राज्य बलों का थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा तैनात रहेगा।

    यह भी पढ़ें- स्त्री रोग विशेषज्ञ से राजनीति के मंझे खिलाड़ी बने MLC डॉ. एनके यादव, कोसी स्नातक सीट पर BJP ने तीसरी बार जताया भरोसा

    यह भी पढ़ें- कोसी स्नातक MLC सीट बचा पाएगी BJP? राजद के बाद कांग्रेस उम्मीदवार का होगा नामांकन, क्या वोटरों को लुभा पाएंगे PK