जिप सदस्यों की दीवाली होगी गुलजार, मिले 6.12 लाख
पूर्णिया। जिला परिषद सदस्यों का दीपावली त्योहार इस बार गुलजार होगा। सरकार ने जिला परिषद अध्यक्ष
पूर्णिया। जिला परिषद सदस्यों का दीपावली त्योहार इस बार गुलजार होगा। सरकार ने जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्यों को गत छह माह का भत्ता स्वीकृत किया है। जिले में सभी 34 जिप सदस्यों के खाते में छह लाख 12 हजार रुपये निर्गत किए जाएंगे। इस संबंध में उप विकास आयुक्त राम शंकर ने बताया कि सभी सदस्यों को आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान का निर्देश नाजिर को दिया गया है। उन्होंने सभी जिला परिषद सदस्यों को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामना भी दी है।
दीपावली है महत्वपूर्ण पर्व
देश में दुर्गा पूजा एवं दीपावली दो महत्वपूर्ण त्योहार हैं जिसे पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग घरों में नए परिधान व सामान की खरीदारी करते हैं तथा खुशियां मनाते हैं। ऐसे मौके पर हर लोगों को पगार, भत्ता आदि का इंतजार रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव ने वित्तीय वर्ष 18-19 के लिए अप्रैल से सितंबर माह तक के सभी जिप सदस्यों के बकाए भत्ता के भुगतान का निर्देश दिया है।
त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को मिलता है नियत भत्ता
सरकार जून 16 से त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को नियत भत्ता दे रही है। इसके तहत जिला परिषद अध्यक्ष को प्रति माह 12 हजार, जिप उपाध्यक्ष को प्रति माह 10 हजार, प्रखंड प्रमुख को 10 हजार, उप प्रमुख को पांच हजार, मुखिया को 2500, उपमुखिया को 1200, सरपंच को 2500, उपसरपंच को 1200, जिला परिषद सदस्य को 2500 और पंच को 500 रुपये नियत भत्ता दिया जा रहा है। पंचायती राज के प्रधान सचिव के निर्देशानुसार डीडीसी ने जिप अध्यक्ष क्रांति सिंह, उपाध्यक्ष नीरज सिंह उर्फ छोटू सिंह सहित जिले के सभी जिप सदस्यों के खाते में राशि भेजे जाने के लिए चेक निर्गत कर दिया है।