बिहार में बहाल हुई जोनल पुलिसिंग व्यवस्था; पूर्णिया में IG की जगह तैनात होंगे DIG, दरभंगा जोन के अधीन रहेगा प्रक्षेत्र
Bihar Police Zonal System Restored Purnia DIG: बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जोनल पुलिसिंग ...और पढ़ें

Bihar Police Zonal System Restored Purnia DIG: बिहार में 7 साल बाद फिर बहाल हुई जोनल पुलिसिंग व्यवस्था
HighLights
बिहार में जोनल पुलिसिंग व्यवस्था सात साल बाद बहाल।
पूर्णिया प्रक्षेत्र में अब आईजी के स्थान पर डीआईजी।
पूर्णिया रेंज दरभंगा जोन के आईजी के अधीन कार्य करेगा।
संवाददाता, जागरण, पूर्णिया। Bihar Police Zonal System Restored Purnia DIG: बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा नीतिगत बदलाव किया है। इस निर्णय के तहत पूर्णिया प्रक्षेत्र में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के स्थान पर अब पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) की तैनाती की जाएगी।
नव-नियुक्त डीआईजी इस रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही राज्य में करीब सात वर्षों के अंतराल के बाद पुरानी जोनल पुलिसिंग व्यवस्था को फिर से बहाल कर दिया गया है।
12 पुलिस रेंज को पुनर्गठित कर बनाए गए 4 मुख्य पुलिस जोन
पुलिस प्रशासन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और वरीय अधिकारियों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य के सभी 12 पुलिस रेंज को पुनर्गठित करते हुए चार मुख्य पुलिस प्रक्षेत्र (जोन) बनाए गए हैं। नई प्रशासनिक संरचना के अनुसार, अब पूरे बिहार में केवल पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में ही पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) स्तर के जोनल कार्यालय कार्यरत रहेंगे।
दरभंगा पुलिस जोन के अंतर्गत मिथिला, कोसी और पूर्णिया रेंज को शामिल किया गया है। इस बदलाव के बाद पूर्णिया रेंज में तैनात होने वाले डीआईजी अब सीधे दरभंगा जोन के आईजी के अधीन रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
2019 में खत्म हुई थी जोन व्यवस्था, अपेक्षित लाभ नहीं मिलने पर बदला फैसला
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने 13 अगस्त 2019 को तत्कालीन पुलिस जोन व्यवस्था को समाप्त कर दिया था। उस समय रेल पुलिस को छोड़कर पूरे राज्य को 12 पुलिस रेंज में विभाजित किया गया था। हालांकि, बीते वर्षों की समीक्षा में इस विकेंद्रीकृत व्यवस्था से अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक पर्यवेक्षण में अपेक्षित लाभ सामने नहीं आया। इसी के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने राज्य में पुरानी जोनल व्यवस्था को पुनः बहाल करने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा था, जिसे सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
पूर्णिया प्रक्षेत्र के पहले डीआईजी बने थे राम नारायण सिंह
पूर्णिया पुलिस प्रक्षेत्र के प्रशासनिक इतिहास पर नजर डालें तो जून 2014 में बिहार सरकार ने राम नारायण सिंह को पूर्णिया रेंज का पहला पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नियुक्त किया था। इसके बाद अगस्त 2019 में जब राज्य सरकार ने जोन व्यवस्था समाप्त कर पूर्णिया रेंज को उन्नत कर आईजी प्रक्षेत्र बनाया, तब तत्कालीन भागलपुर आईजी विनोद कुमार ने पूर्णिया के पहले आईजी के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
उस समय प्रदेश में राजकीय शोक घोषित होने के कारण आईजी कार्यालय में तब्दील हुए डीआईजी कार्यालय के औपचारिक स्वागत कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे, बावजूद इसके स्थानीय नागरिकों और कार्यालय कर्मियों में नए आईजी के पदस्थापन को लेकर खासा उत्साह देखा गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।