विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gopal Yaduka Murder: पूर्व MLA बीमा भारती की टेंशन बढ़ी, अब घर पर कुर्की-जब्ती का इश्तेहार चिपकाएगी पुलिस

Published: Thu, 27 Jun 2024 07:32 PM (IST)

गोपाल यादुका मर्डर केस (Gopal Yaduka Murder Case) की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस मामले में अब ...और पढ़ें

रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती की टेंशन बढ़ गई। (फाइल फोटो)
रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती की टेंशन बढ़ गई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. गोपाल यादुका मर्डर केस में बीमा भारती की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं
  2. बीमा भारती के पति अवधेश मंडल और पुत्र राजा मंडल कई दिनों से फरार हैं
  3. बीमा भारती के घर पर कुर्की-जब्ती का इश्तेहार चिपकाएगी पुलिस

राजीव कुमार, पूर्णिया। RJD Bima Bharti रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल एवं पुत्र राजा मंडल के फरार रहने की स्थिति में पुलिस अब उनके खिलाफ न्यायालय से कुर्की का इश्तेहार मांगकर इनके घर पर चिपकाएगी। दोनों के विरुद्ध पुलिस पहले ही गोपाल यादुका हत्याकांड में गिरफ्तारी वारंट हासिल कर चुकी है।

मामले में पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार चार आरोपितों विकास कुमार, ब्रजेश यादव, संजय भगत एवं विशाल कुमार राय को 48 घंटे की रिमांड पर लिया। भवानीपुर थाने में लगातार कई घंटों तक इनसे हुई पूछताछ में पूर्णिया डीआईजी विकास कुमार एवं एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा स्वयं उपस्थित रहे।

'सही दिखा में आगे बढ़ रही जांच'

पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार चार आरोपितों और बीमा भारती के पति-पुत्र के अलावा तीन और लोग इस घटना में शामिल हैं। वरीय पुलिस अधिकारियों ने माना कि पुलिस की जांच सही दिशा में बढ़ रही है। पूर्व विधायक पुत्र राजा मंडल की गिरफ्तारी के बाद और कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

पूछताछ के बाद डीआईजी एवं एसपी गोपाल यादुका के स्वजन से भी मिले। इससे पूर्व, रिमांड पर लिए गए अपराधियों ने बताया कि काफी शातिराना अंदाज में दो जून को गोपाल यादुका की हत्या की गई। अपराधियों ने काफी सावधानी बरती, लेकिन पुलिस के हाथ उन तक पहुंच ही गए।

पूर्व विधायक के पुत्र राजा मंडल ने ही गोपाल यादुका की हत्या की कहानी का प्लॉट तैयार किया। मुख्य रूप से शूटर की भूमिका विकास और विशाल ने निभाई।

मोबाइल टावर डेटा डंप से शुरू हुई पुलिस की जांच

हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मोबाइल टावर डेटा निकाला। उसमें 36 संदिग्ध मोबाइल नंबर वहां मिले। इनमें दो मोबाइल नंबर ऐसे मिले जो घटनास्थल के आसपास पहुंचने के बाद बंद हो गए और फिर कई घंटे के बाद शाम सात बजे खुले।

इन नंबरों की जांच ने ही पुलिस की जांच को आगे बढ़ाया। यद्यपि, घटना में शामिल अपराधी जिन नंबरों का उपयोग कर रहे थे, वे दूसरों के नाम से लिए गए थे। शूटर विशाल कुमार राय चार सिम कार्ड का उपयोग करता था। घटना के दिन इन शूटरों को सिम लगा मोबाइल फोन एवं हथियार पूर्व विधायक पुत्र राजा ने उपलब्ध कराए थे। इन्हें घटना के बाद वापस ले लिया गया।

नवगछिया के दीपक यादुका को भी ढूंढ रही पुलिस

इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस नवगछिया पुलिस जिले के दीपक यादुका को भी खोज रही है। वह फरार है। नवगछिया पुलिस ने बताया कि दीपक यादुका द्वारा किए गए फर्जीवाड़ों के कारण अक्सर कई थानों की पुलिस उसे ढूंढने आती रहती है।

गोपाल यादुका हत्याकांड की जांच सही दिशा में जा रही है। रिमांड पर लिए गए चार आरोपितों ने कई अहम जानकारी उपलब्ध कराई है। हत्या में कुल नौ आरोपितों के शामिल होने की बात अब तक सामने आई है। चार को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और दो के विरुद्ध गिरफ्तारी का वारंट हासिल कर लिया गया है। फरारी की स्थिति में इनके घरों पर जल्द ही कुर्की का इश्तेहार चिपकाया जाएगा। - उपेंद्र नाथ वर्मा एसपी, पूर्णिया

ये भी पढ़ें- Rupauli By Election 2024: क्या रुपौली में बीमा भारती की राह हो जाएगी आसान? इस प्रत्याशी ने नामांकन ले लिया वापस

ये भी पढ़ें- Rupauli By-Election 2024: रुपौली उपचुनाव में त्रिकोणीय संघर्ष तय, कलाधर मंडल और बीमा भारती ने झोंकी पूरी ताकत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।