Move to Jagran APP

90 के फिल्‍मों की कहानी याद दिला गई अवधेश मंडल की थाना से फरारी, जानिए...

रूपौली की जदयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल को रविवार रात पुलिस ने एक हत्‍याकांड के गवाहों को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। लेकिन, देर रात उसे समर्थकाें ने थाना से जबरन छुड़ा लिया। इस घटना पर पुलिस मुख्‍यालय गंभीर है।

By Amit AlokEdited By: Published: Sun, 17 Jan 2016 08:24 PM (IST)Updated: Tue, 19 Jan 2016 10:09 AM (IST)

पूर्णिया। यह घटना 90 के दशक की फिल्मी कहानी की तरह है। तब फिल्मी कहानी में एक पुलिस अधिकारी किसी अपराधी को पकड़कर थाना ले जाता था। वहां दबंग नेताजी आते और उसे छुड़ाकर ले जाते थे। मरंगा थाना में रविवार रात जो हुआ, उससे 90 के दशक की ऐसी फिल्मों की याद ताजा हो गई।

loksabha election banner

रूपौली की जदयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल को रविवार रात पुलिस ने एक हत्याकांड के गवाहों को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। लेकिन, देर रात उसे दबंग समर्थकाें ने थाना से जबरन छुड़ा लिया। इस घटना पर पुलिस मुख्यालय गंभीर है।

रविवार रात गिरफ्तार किए गए जदयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल को मरंगा थाना में रखा गया था। इसी बीच अवधेश मंडल के समर्थन में देर रात दबंग थाना पर पहुंचे। उन्होंने दबाव देकर उसे पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया और साथ ले गए।

थाना प्रभारी निलंबित, छापेमारी जारी

पूर्णिया के एसपी की मानें तो अवधेश मंडल थाना से फरार हो गया है, हालांकि सूत्र बताते हैं कि उसे जबरन छुड़ा लिया गया है। घटना के बाद पुलिस को पसीने छूट रहे हैं। अवधेश मंडल के सभी संभावित ठिकानाें पर पुलिस छापेमारी कर रही है। इस मामले में एसपी ने मरंगा थाना के प्रभारी को निलंबित कर दिया है।

हत्याकांड के गवाहों को दी थी धमकी

विदित हो कि रविवार को रूपौली की जदयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल ने न्यू सिपाही टोला स्थित पासवान टोला में विजय पासवान के घर पहुंचकर हत्याकांड के मामले में गवाह मां-बेटे को गवाही नहीं देने अन्यथा अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। स्थानीय लोगों को जब यह बात पता चली तो उन्होंने अवधेश व उनके समर्थकों को दूर तक खदेड़कर भगा दिया। भागते समय रास्ते में पुलिस ने उन्हें पूरे काफिले के साथ गिरफ्तार कर लिया था।

धमकी मामले में एफआइआर दर्ज

अकबरपुर में 2005 में चंचल पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बीमा भारती के पति अवधेश मंडल सहित कई अन्य नामजद हैं। हत्या के चश्मदीद गवाह मारे गए चंचल पासवान के पुत्र विजय पासवान एवं पत्नी सुनिया देवी हैं। उन्हें ही धमकी देने अवधेश मंडल गया था। धमकी के इस मामले में मृतक चंचल पासवान की पत्नी ने एफआइआर दर्ज करा दिया है।

घटनाक्रम पर एक नजर...

  • अकबरपुर में 2005 में चंचल पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल सहित कई अन्य नामजद हैं।
  • हत्या के चश्मदीद गवाह मारे गए चंचल पासवान के पुत्र विजय पासवान एवं पत्नी सुनिया देवी हैं।
  • रविवार की शाम अवधेश मंडल के. हाट थाना क्षेत्र के न्यू सिपाही टोला स्थित पासवान टोला में विजय पासवान के घर पहुंचा एवं मां-बेटे को हत्याकांड में गवाही नहीं देने या अंजाम भुगतने की धमकी दी।
  • धमकी की बात सुन आसपास के लोग जमा हो गये तथा अवधेश मंडल का विरोध करने लगे। स्थिति को भांप अवधेश मंडल ने वहां से भागने में भलाई समझी।
  • बाद में घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मरंगा थाना क्षेत्र में अवधेश मंडल के काफिले को घेर लिया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
  • धमकी को लेकर मृतक चंचल पासवान की पत्नी ने एफआइआर दर्ज करा दिया।
  • रात में अवधेश मंडल को पुलिस ने मरंगा थाना में रखा। देर रात अवधेश मंडल के समर्थकों ने थाना पर धमक दी। उन्होंने उसे पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया और फरार हो गए ।
  • अवधेश मंडल के सभी संभावित ठिकानाें पर पुलिस छापेमारी जारी।
  • अवधेश को थाना से दुड़ा लिए जाने के मामले में एसपी ने मरंगा थाना के प्रभारी को निलंबित कर दिया।
  • घटना को लेकर पुलिस मुख्यालय सख्त। एडीजी सुनील कुमार ने कहा, बख्शे नहीं जाएंगे दोषी।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.