डंकी रूट का मास्टरमाइंड हाजी नाहिद गनी गिरफ्तार, सियासी रसूख की आड़ में चला रहा था कबूतरबाजी का खेल
एआईएमआईएम नेता हाजी नाहिद गनी को 'डंकी रूट' से युवाओं को मलेशिया भेजने और ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

डंकी रूट से भेजता था मलेशिया। (जागरण)
HighLights
'डंकी रूट' मानव तस्करी का मास्टरमाइंड हाजी नाहिद गनी गिरफ्तार।
एआईएमआईएम नेता सियासी रसूख का इस्तेमाल कर युवाओं को ठगता था।
विदेश में फंसे युवाओं को वापस लाने के लिए भी वसूलता था।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। विदेश में नौकरी का सब्जबाग दिखाकर युवाओं को 'डंकी रूट' से मलेशिया भेजने के आरोप में गिरफ्तार मास्टरमाइंड हाजी नाहिद गनी का केवल ट्रैवल एजेंसियों तक ही दायरा नहीं था, बल्कि वह एआईएमआईएम के नेता के रूप में भी सक्रिय था।
पटना से एसटीएफ के सहयोग से हुई उसकी और सहयोगी मो. तबरेज की गिरफ्तारी के बाद सीमांचल के सियासी और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
सीमांचल के युवाओं को छलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसी साल अगस्त महीने में पूर्णिया के अमौर और किशनगंज के कोचाधामन प्रखंड के सात युवकों के दुबई में फंसे होने का मामला सामने आया था।

युवकों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर रोते हुए वतन वापसी की गुहार लगाई थी। पीड़ितों ने बताया था कि नौकरी के नाम पर उनसे डेढ़-डेढ़ लाख रुपये वसूले गए, लेकिन वहां पहुंचते ही एजेंट ने उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए।
17 दिनों तक बिना काम और पैसे के वे दाने-दाने को मोहताज रहे। उस वक्त किशनगंज के पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने युवकों से वीडियो कॉल पर बात कर मामले में हस्तक्षेप किया था। जांच में सामने आया कि उन सात बेबस युवकों को भी खाड़ी देश भेजने वाला कोई और नहीं, बल्कि हाजी नाहिद गनी ही था।
ठगी का दोहरा खेल, भेजने और बुलाने दोनों के लिए वसूली
पुलिसिया जांच में सिंडिकेट की एक और घिनौनी करतूत सामने आई है। पहले तो युवाओं से विदेश भेजने के नाम पर पौने दो से दो लाख रुपये तक ऐंठे जाते थे।
इसके बाद जब युवक मलेशिया के जंगलों या खाड़ी देशों में बंधक बन जाते थे और स्वजन रोते-बिलखते उन्हें वापस बुलाने की गुहार लगाते, तो नाहिद गनी का गिरोह उन्हें भारत सुरक्षित वापस लाने के नाम पर भी स्वजन से लाखों रुपये की अतिरिक्त वसूली करता था।
स्थानीय स्तर पर राजनीतिक रसूख होने के कारण अब तक पीड़ित खुलकर सामने आने से कतराते थे, लेकिन अब कई और पीड़ितों के सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- डंकी रूट से भेजा जाता था मलेशिया: पटना से AIMIM नेता सहित 2 गिरफ्तार, पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े तार
