डंकी रूट से भेजा जाता था मलेशिया: पटना से AIMIM नेता सहित 2 गिरफ्तार, पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े तार
अंतर्राष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें दुबई और सऊदी अरब में नौकरी का झांसा देकर युवाओं को 'डंकी रूट' से मलेशिया भेजा जाता था।
-1792257871198_m.webp)
हाजी नाहिद गनी की हुई गिरफ्तारी। (फाइल फोटो)
HighLights
दुबई-सऊदी नौकरी का झांसा, 'डंकी रूट' से मानव तस्करी।
AIMIM का नेता हाजी नाहिद गनी पटना से गिरफ्तार।
युवाओं को मलेशिया में बंधक बनाकर जबरन मजदूरी।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। दुबई और सऊदी अरब जैसे देशों में मोटी कमाई का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं को अवैध डंकी रूट के जरिए मानव तस्करी के दलदल में धकेलने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम और एसटीएफ ने पटना में संयुक्त छापेमारी कर गिरोह के कथित सरगना पूर्णिया के रौटा निवासी हाजी नाहिद गनी और उसके सहयोगी अनगढ़ निवासी मो. तबरेज को गिरफ्तार कर लिया।
इस नेटवर्क के तार मलेशिया में बैठे एक पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े हैं, जो वहां पहुंचे भारतीय युवकों को बंधक बनाकर जबरन बंधुआ मजदूरी कराता था। नाहिद गनी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी एआइएमआइएम का पूर्व युवा प्रदेश महासचिव है।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के अनुसार, यह सिंडिकेट हाजी नाहिद गनी प्राइवेट लिमिटेड और ताइबा इंटरनेशनल टूर एंड ट्रैवल्स जैसी एजेंसियों के जरिए सीमांचल के युवाओं को जाल में फंसाता था। रोजगार दिलाने के नाम पर प्रति युवक 1.80 लाख रुपये तक वसूले जाते थे।
वैध वीजा पर नौकरी देने के बजाय युवाओं को पहले पटना से दिल्ली और फिर थाईलैंड (क्राबी) भेजा जाता था। वहां से अवैध रास्तों (डंकी रूट) के जरिए उन्हें मलेशिया में प्रवेश कराया जाता था।
मलेशिया के जोहोर में सक्रिय पाकिस्तानी एजेंट इन युवकों को कमरों में बंद रखकर अमानवीय परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर करता था।
दर्ज हैं सात मुकदमे, संपत्ति जब्ती की तैयारी
यह मामला किशनगंज के बिशनपुर थाने में पीड़ित नूरजफर के पिता मो. सुलेमान की शिकायत के बाद खुला। पुलिस के अनुसार किशनगंज, बहादुरगंज और पूर्णिया के रौटा समेत विभिन्न थानों में इस नेटवर्क पर धोखाधड़ी और उत्प्रवास अधिनियम के तहत सात प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस अब दोनों आरोपितों के बैंक खातों, अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया में जुटी है।
यह भी पढ़ें- दोस्तों के साथ घूमते-घूमते भारतीय सीमा में घुसा बांग्लादेशी युवक, 12 दिन बाद किशनगंज में पकड़ा गया
